बोरखेड़ी में मिला 6 फीट लंबा मगर, वन विभाग की रेस्क्यू टीम ने सुरक्षित पकड़ा
सीतामऊ। ग्राम बोरखेड़ी में बुधवार, 12 अगस्त 2026 को मगरमच्छ दिखाई देने से ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। मगरमच्छ दिखाई देते ही ग्रामीणों ने इसकी सूचना वन विभाग के सीतामऊ डिप्टी रेंजर जितेन्द्र सिंह पंवार को दी।
सूचना मिलते ही परिक्षेत्र सहायक सीतामऊ जितेन्द्र सिंह पंवार ने मंदसौर वन मंडल की रेस्क्यू टीम एवं रेस्क्यू प्रभारी को इसकी जानकारी दी। सूचना पर रेस्क्यू टीम तत्काल मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मौजूदगी में रेस्क्यू अभियान शुरू किया।
रेस्क्यू टीम के सदस्यों सुनील कुमार जैन, कादर एवं दीपक नागर ने करीब 6 फीट लंबे मगरमच्छ को सुरक्षित तरीके से पकड़ लिया। इसके बाद वन विभाग की टीम द्वारा मगरमच्छ को सुरक्षित रूप से बसई स्थित चंबल नदी में छोड़ दिया गया।
मगरमच्छ के सुरक्षित रेस्क्यू के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। वन विभाग की टीम की तत्परता से किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना होने से पहले मगरमच्छ को सुरक्षित स्थान पर पहुंचा दिया गया।