
नंगल रेलवे अंडरपास बनाने की मांग को ले कर डॉ. सुभाष शर्मा ने डीआरएम अंबाला से की मुलाकात
डीआरएम ने अधिकारियों को तुरंत कार्रवाई के दिए निर्देश: डॉ. सुभाष शर्मा
: भारतीय जनता पार्टी पंजाब के प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. सुभाष शर्मा ने नंगल शहर में रेलवे अंडरपास बनाने की माँग को ले कर डीआरएम, अंबाला मंडल से मुलाकात कर उन्हें मांग पत्र सौंपा और रेलवे अंडरपास बनाने की मांग उठाई।
डॉ. शर्मा ने डीआरएम के ध्यान में लाया कि नंगल रेलवे फाटक से प्रतिदिन लगभग 18 ट्रेनें गुजरती हैं, जिसके कारण यह फाटक बार-बार और लंबे समय तक बंद रहता है। इससे आम नागरिकों, व्यापारियों, विद्यार्थियों, कर्मचारियों और अन्य यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। फाटक बंद रहने के कारण सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लग जाती हैं और शहर की यातायात व्यवस्था प्रभावित होती है।लोगों को मजबूरी में वैकल्पिक लंबे रास्ते पर जाना पड़ता है जिससे उन्हें परेशानी होती है ।
उन्होंने पत्र में यह भी उल्लेख किया कि नंगल रेलवे फाटक पर अंडरपास बनाने का प्रस्ताव पहले भी तैयार किया गया था, लेकिन किन्हीं कारणों से यह प्रस्ताव रद्द हो गया था। अब एक बार फिर स्थानीय जनता की मांग और शहर की आवश्यकता को देखते हुए आवश्यक तकनीकी और प्रशासनिक प्रक्रिया पूरी कर अंडरपास निर्माण की योजना को पुनः शुरू करने की मांग की गई है।
डॉ. शर्मा ने कहा कि नंगल शहर की बढ़ती जरूरतों और आम जनता की सुविधा को देखते हुए यहां रेलवे अंडरपास का निर्माण बेहद आवश्यक है। रेलवे विभाग को इस परियोजना को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाना चाहिए। वहीं इसके साथ उनके द्वारा फ्लाईओवर के ऊपर तथा नीचे उतरने के लिए लगने वाली सीढ़ियों के मुद्दे को भी उठाया गया है ताकि यात्रियो को किसी दिक्कत का सामना न करना पड़े।
इस पर डीआरएम अंबाला ने तुरंत संबंधित अधिकारियों को इस विषय पर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने इस मामले को लेकर टेक्निकल सर्वे करवाने के बाद भी कहीं तथा कैसे यह अंडरपास बनाया जा सकता है। उन्होंने उम्मीद जताई की एक हफ्ते के अंदर टेक्निकल टीम अपना सर्वे का काम कर देगी।
डॉ. सुभाष शर्मा ने डीआरएम द्वारा दिए गए सकारात्मक आश्वासन पर विश्वास व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें उम्मीद है कि बहुत जल्द नंगल रेलवे फाटक पर अंडरपास के निर्माण के लिए सर्वे का काम दोबारा शुरू होगा। उन्होंने कहा कि इस समस्या का समाधान होने से नंगल के लोगों को रोजाना लगने वाले जाम से बड़ी राहत मिलेगी और शहर की यातायात व्यवस्था में सुधार होगा। इसके साथ डॉक्टर शर्मा ने कहा कि बीबीएमबी में पंजाब तथा अन्य राज्यों के कर्मचारियों को रिटायरमेंट के कुछ समय पहले बैक टू स्टेट करने के मुद्दे को लेकर दोबारा अध्यक्ष से बात करके इस समस्या को हल करवाने के प्रयास किए जाएंगे। इस अवसर पर हर मनजीत प्रिंस, रमन शर्मा, डॉक्टर राजेंद्र कुमार ,अलका ऐरी, अनिल बाबू विशेष रूप से उपस्थित रहे।