राजस्थान के पाली में मिला स्कूल से गायब हुआ मासूम कार्तिकेयन।पत्नी से अलगाव के चलते, पिता ही ले गया था अपने साथ👇
मुरैना। मुरैना पुलिस ने स्कूल से अपहृत मासूम कार्तिकन यादव को महज दो दिन के भीतर सकुशल बरामद कर बड़ी सफलता हासिल की है। जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि बच्चे का अपहरण किसी गैंग ने नहीं, बल्कि उसके पिता निलेश ने ही कराया था।
पुलिस के अनुसार पति-पत्नी के बीच चल रहे पारिवारिक विवाद के चलते निलेश ने बेटे का अपहरण कराने की साजिश रची। घटना को अंजाम देने से पहले वह करीब 15 दिन तक मुरैना में रहकर रेकी करता रहा और पूरी योजना तैयार की।
वारदात के बाद आरोपी पिता बच्चे को लेकर राजस्थान के पाली पहुंच गया, जहां वह एक होटल में ठहरा हुआ था। मुरैना पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और लगातार की गई जांच के आधार पर पाली पहुंचकर बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया।
इस कार्रवाई से अपहरण की गुत्थी सुलझ गई और मासूम को सुरक्षित परिजनों तक पहुंचाने में पुलिस को सफलता मिली। पुलिस मामले में आरोपी पिता से पूछताछ कर रही है तथा पूरे घटनाक्रम की जांच जारी है।