
शिक्षा विभाग के लंबित प्रकरणों के निराकरण हेतु रविवार को शिविर आयोजित
..
पेंशन, ग्रेच्युटी, क्रमोन्नति, समयमान, अवकाश नगदीकरण सहित विभागीय मामलों का होगा समाधान
..
जिला शिक्षा अधिकारी श्री एनके अहिरवार ने बताया है कि लोक शिक्षण संचालनालय के पत्र में दिए गए निर्देशों के अनुपालन में जिला स्तर पर लंबित प्रकरणों एवं समस्याओं के निराकरण के लिए समस्या निदान शिविर का आयोजन किया जा रहा है। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाइट) के हॉल में रविवार 27 सितंबर को दोपहर 12 बजे से 2 बजे तक समस्या निदान शिविर आयोजित होगा। शिविर में शिक्षा विभाग से संबंधित विभिन्न लंबित प्रकरणों की सुनवाई कर उनके निराकरण की कार्यवाही की जाएगी।
शिविर में विशेष रूप से लंबित पेंशन एवं ग्रेच्युटी प्रकरण, क्रमोन्नति एवं समयमान वेतनमान से संबंधित प्रकरण, अवकाश नगदीकरण, विभागीय जांच, निलंबन तथा अन्य विभागीय समस्याओं के निराकरण पर कार्यवाही की जाएगी। इसके माध्यम से संबंधित अधिकारी-कर्मचारियों को लंबित मामलों के संबंध में आवश्यक मार्गदर्शन एवं निराकरण की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
समस्या निदान शिविर का उद्देश्य शिक्षा विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों से संबंधित लंबित प्रकरणों का परीक्षण कर नियमानुसार त्वरित निराकरण सुनिश्चित करना है, ताकि सेवानिवृत्त एवं कार्यरत कर्मचारियों को अपने प्रकरणों के निराकरण के लिए अनावश्यक कठिनाइयों का सामना न करना पड़े। संबंधित अधिकारी-कर्मचारी अपने लंबित प्रकरणों से जुड़े आवश्यक दस्तावेजों के साथ निर्धारित दिनांक एवं समय पर शिविर में उपस्थित होकर समस्या के निराकरण की कार्यवाही करा सकते हैं। #Vidisha #JansamparkMP