
राम मंदिर चढ़ावा मामले को लेकर कांग्रेस का जन-जागरण अभियान, 14 जुलाई को मंडी में निकलेगी पदयात्रा
जोगिंद्रनगर/उमेश कुमार।
अयोध्या स्थित श्रीराम मंदिर में चढ़ावे से जुड़े कथित वित्तीय अनियमितताओं के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी मंडी 14 जुलाई को जन-जागरण अभियान चलाएगी। इसकी जानकारी जिला कांग्रेस कमेटी मंडी के मीडिया प्रभारी गुरु शरण परमार ने प्रेस बयान जारी कर दी।
उन्होंने बताया कि यह जन-जागरण यात्रा मंगलवार सुबह 11 बजे गांधी भवन, मंडी से शुरू होगी। यात्रा शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए श्रीराम मंदिर एवं श्रीहनुमान मंदिर पहुंचेगी, जहां कीर्तन-भजन के माध्यम से श्रद्धालुओं को संबोधित किया जाएगा।
गुरु शरण परमार ने बताया कि यह अभियान हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष विनय कुमार के निर्देशानुसार जिला कांग्रेस कमेटी मंडी की अध्यक्ष चंपा ठाकुर के नेतृत्व में आयोजित किया जा रहा है। इसमें जिला मंडी के सभी विधानसभा क्षेत्रों से पूर्व विधायक, नगर निकायों एवं पंचायतों के निर्वाचित जनप्रतिनिधि, विभिन्न प्रकोष्ठों के अध्यक्ष तथा कांग्रेस पदाधिकारी भाग लेंगे।
उन्होंने कहा कि अयोध्या में श्रीराम मंदिर से जुड़े चंदा और चढ़ावे के कथित गबन संबंधी समाचारों से देश-विदेश में रहने वाले सनातन धर्मावलंबियों की आस्था आहत हुई है। कांग्रेस इस मामले में सुप्रीम कोर्ट के किसी न्यायाधीश की निगरानी में निष्पक्ष जांच कराने की मांग उठाएगी।
परमार ने कहा कि कांग्रेस की मांग है कि यदि आरोपों की पुष्टि होती है तो संबंधित ट्रस्ट को भंग कर मंदिर के प्रबंधन को सरकारी निगरानी में लिया जाए, ताकि श्रद्धालुओं की आस्था और मंदिर की व्यवस्था पर विश्वास बना रहे।
हालांकि, इन आरोपों पर संबंधित पक्ष की प्रतिक्रिया समाचार लिखे जाने तक सामने नहीं आई है और आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।