
नगर निकाय आम चुनाव 2026 कार्यक्रम घोषणा के साथ प्रदेश में लगी आदर्श आचार संहिता
जिले में दो चरणों में होगा मतदान, प्रथम चरण 9 एवं द्वितीय चरण 11 सितंबर को
प्रथम चरण में नगर परिषद सवाई माधोपुर, नगर पालिका बौंली, एवं खण्डार के 110 वार्डों में होगा मतदान
द्वितीय चरण में नगर परिषद गंगापुर सिटी, नगर पालिका वजीरपुर एवं बामनवास के मतदाता करेगें मताधिकार का प्रयोग
सवाई माधोपुर, 19 अगस्त।* राज्य निर्वाचन आयोग ने प्रदेश में नगर निकाय आम चुनाव 2026 का कार्यक्रम घोषित कर दिया है। आयोग के अनुसार राज्य की 309 नगरीय निकायों में चुनाव दो चरणों में करवाए जाएंगे। इनमें 10 नगर निगम, 47 नगर परिषद और 252 नगरपालिकाएं शामिल हैं। आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार नगर निकाय चुनाव के तहत सदस्य पदों के लिए मतदान 9 एवं 11 सितंबर 2026 को दो चरणों में होगा। मतदान का समय प्रातः 7 बजे से शाम 6 बजे तक निर्धारित किया गया है। मतगणना 14 सितंबर 2026 को होगी।
जिला निर्वाचन अधिकारी काना राम ने बताया कि राज्य निर्वाचन आयोग के द्वारा नगर निकाय आम चुनाव की घोषणा के साथ जिले के आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है। उन्होने सभी अधिकारी को आदर्श आचार संहिता की अक्षरशः पालना के निर्देश दिये। उन्होने बताया कि जिले में दो चरणों में मतदान होगा। प्रथम चरण में 9 सितंबर 2026 को नगरपरिषद सवाई माधोपुर, नगर पालिका बौंली एवं खण्डार के 110 वार्डाे में मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेगे। वहीं द्वितीय चरण में 11 सितंबर 2026 को नगर परिषद गंगापुर सिटी, नगर पालिका वजीरपुर एवं बामनवास के कुल 105 वार्डो में मतदान होगा।
*सदस्य पद के लिए कार्यक्रम:-*
- लोक सूचना जारी करने की तिथि - 27 अगस्त 2026
- नामांकन पत्र प्रस्तुत करने की अंतिम तिथि - 31 अगस्त 2026
- नामांकन पत्रों की संवीक्षा तिथि - 1 सितंबर 2026
- अभ्यर्थिता वापस लेने की अंतिम तिथि - 3 सितंबर 2026, अपरान्ह 3 बजे तक
- चुनाव चिह्नों का आवंटन - 4 सितंबर 2026
- प्रथम चरण का मतदान - 9 सितंबर 2026
- द्वितीय चरण का मतदान - 11 सितंबर 2026
- मतदान का समय - प्रातः 7 बजे से शाम 6 बजे तक
- मतगणना - 14 सितंबर 2026
अध्यक्षीय पदों के लिए कार्यक्रम:-
नगर निकायों के अध्यक्षीय पदों के लिए लोक सूचना 15 सितंबर, नामांकन पत्र प्रस्तुत करने की अंतिम तिथि 16 सितंबर, नामांकन पत्रों की संवीक्षा 17 सितंबर तथा अभ्यर्थिता वापस लेने की अंतिम तिथि 18 सितंबर 2026 अपरान्ह 3 बजे तक निर्धारित की गई है। इसी दिन अभ्यर्थिता वापसी के समय समाप्ति के पश्चात चुनाव चिह्नों का आवंटन किया जाएगा। अध्यक्षीय पदों के लिए मतदान 21 सितंबर 2026 को प्रातः 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक होगा तथा मतदान समाप्ति के तुरंत बाद मतगणना की जाएगी। इसके बाद उपाध्यक्षीय पदों के लिए निर्वाचन 22 सितंबर 2026 को निर्धारित किया गया है।