बहराइच के सिपाही शिवम यादव अब बने सब-इंस्पेक्टर
बहराइच के मेडिकल कॉलेज पुलिस चौकी में तैनात सिपाही शिवम यादव ने उत्तर प्रदेश नागरिक पुलिस भर्ती परीक्षा में शानदार सफलता हासिल की है। अयोध्या जिले के रहने वाले सुरेश यादव के सुपुत्र शिवम यादव वर्तमान में कोतवाली नगर के मेडिकल कॉलेज चौकी में अपनी सेवाएं दे रहे थे।
कड़ी ड्यूटी और दिन-रात की व्यस्तता के बीच भी शिवम ने अपनी पढ़ाई जारी रखी। उन्होंने ड्यूटी के साथ-साथ उप निरीक्षक (SI) पद के लिए परीक्षा दी और दो दिन पहले आए नतीजों में सफलता का परचम लहरा दिया। सिपाही से सीधे सब-इंस्पेक्टर बनने की इस उपलब्धि पर पुलिस महकमे में खुशी की लहर है।
शिवम की इस कामयाबी पर उनके साथी पुलिसकर्मियों ने उन्हें माला पहनाकर और मिठाई खिलाकर जोरदार स्वागत किया। शिवम ने साबित कर दिया है कि कड़ी मेहनत और पक्के इरादे से हर मुकाम हासिल किया जा सकता है।