
गिरिडीह में 13 वर्षीय नाबालिग की जबरन शादी का आरोप, युवक से डलवाया सिंदूर
गिरिडीह जिले के तिसरी प्रखंड के लोकाय नयनपुर थाना क्षेत्र में 13 वर्षीय नाबालिग लड़की की कथित तौर पर जबरन शादी कराने का मामला सामने आया है। आरोप है कि ग्रामीणों ने एक युवक के साथ लड़की को पकड़े जाने के बाद दबाव बनाकर युवक से उसकी मांग में सिंदूर डलवाया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने की भी जानकारी सामने आई है।
नाबालिग के मुताबिक, युवक उससे बातचीत करने के लिए उसके घर आया था। इसी दौरान ग्रामीणों ने दोनों को पकड़ लिया और युवक पर सिंदूर डालने का दबाव बनाया। परिजनों ने आरोप लगाया कि युवक ने अपने परिवार को सूचना देने के लिए समय मांगा, लेकिन उसकी बात नहीं मानी गई।
घटना के बाद गांव में ग्रामीणों की बैठक भी हुई, जिसमें स्थानीय मुखिया पति की मौजूदगी की बात सामने आई है। चाइल्डलाइन की टीम ने नाबालिग के घर पहुंचकर उससे और उसके परिजनों से जानकारी ली।
खोरीमहुआ एसडीपीओ ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी में नाबालिग और युवक के बीच कथित प्रेम प्रसंग की बात सामने आई है। उनके अनुसार, ग्रामीणों ने दोनों की शादी कराने का प्रयास किया और इस दौरान वीडियो भी बनाया गया था। पुलिस के कहने पर वीडियो हटाया गया। फिलहाल लिखित शिकायत नहीं मिली है। शिकायत मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
#Giridih #Jharkhand #ChildMarriage #MinorGirl #