
चार साल के अंकित ने दी पिता को मुखाग्नि, रोते हुए बोला- ‘पापा को जला दिया’
संवाददाता समर्थ कश्यप। 👉 राहुल की हत्या के बाद शुक्रवार को अंतिम संस्कार के दौरान ऐसा दर्दनाक मंजर सामने आया, जिसने हर किसी की आंखें नम कर दीं। महज चार वर्ष के बेटे अंकित कुमार ने अपने पिता राहुल को मुखाग्नि दी। पिता को अंतिम विदाई देने के बाद मासूम घर पहुंचा और अपनी मां विभा देवी से रोते हुए कहा, “मम्मी, पापा को जला दिया।” बेटे की यह बात सुनते ही मां फफक-फफक कर रो पड़ी।
गुरुवार की रात अज्ञात अपराधियों ने राहुल की गोली मारकर हत्या कर दी थी। गोली उनकी पीठ में लगी थी और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। राहुल अपने पीछे चार वर्षीय अंकित और छह वर्षीय बेटी रोहिणी को छोड़ गए। मां चंचल देवी की आंखों से भी आंसू थम नहीं रहे हैं।
परिजनों के अनुसार करीब 10 साल पहले पैसों के लेनदेन को लेकर राहुल के परिवार और आशीष सिंह के परिवार के बीच विवाद हुआ था। करीब एक महीने पहले उसी पैसे के मामले को लेकर दोनों पक्षों में फिर विवाद हुआ था। करीब 25 हजार रुपये के लेनदेन को लेकर विवाद की बात सामने आ रही है। हालांकि परिवार ने किसी पर सीधे हत्या का आरोप नहीं लगाया है।
सबसे बड़ा सवाल यह भी है कि हत्या के बाद अगले सुबह तक पुलिस एक बार भी परिवार के पास नहीं पहुंची। परिजन अंतिम संस्कार की तैयारी में जुटे रहे और पुलिस की ओर से हालचाल लेने तक नहीं पहुंचने की बात कही गई। परिवार का कहना है कि दाह-संस्कार के बाद आपसी विचार-विमर्श कर आवेदन और आगे की कार्रवाई की जाएगी।
राहुल की मौत ने पूरे परिवार को तोड़ दिया है। एक पत्नी ने अपना पति खो दिया, मां ने बेटा और दो मासूम बच्चों के सिर से पिता का साया हमेशा के लिए उठ गया। अंतिम संस्कार के दौरान पिता को मुखाग्नि देते चार साल के अंकित का मासूम चेहरा और उसके मुंह से निकले शब्द—“पापा को जला दिया”—पूरे इलाके के लिए सबसे दर्दनाक तस्वीर बन गए। હવે पुलिस जांच में ही साफ होगा कि राहुल की हत्या के पीछे पुराना पैसों का विवाद था या कोई और वजह।
#police #नवगछियातक #बिहार #हत्या