
सुवासरा पुलिस की शराब तस्करी पर कार्रवाई, 60 लीटर महुआ शराब जब्त
सुवासरा। अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सुवासरा पुलिस ने देवरिया विजय फंटे के पास कार्रवाई करते हुए 60 लीटर हाथ भट्टी की महुआ शराब जब्त की है। पुलिस ने शराब परिवहन के आरोप में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार 6 अक्टूबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि बामनदेवरिया निवासी चन्दर पिता फत्ता कंजर उम्र 65 वर्ष और शर्मा पिता मुनीम कंजर उम्र 25 वर्ष मोटरसाइकिल से अवैध शराब लेकर जा रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने देवरिया विजय फंटे के पास घेराबंदी कर एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल क्रमांक RJ17GS6036 को रोका। तलाशी के दौरान मोटरसाइकिल पर बंधी दो प्लास्टिक की केनों में कुल 60 लीटर हाथ भट्टी की महुआ शराब बरामद हुई, जिसकी कीमत करीब 6 हजार रुपये बताई गई। पुलिस ने शराब के साथ करीब 50 हजार रुपये कीमत की मोटरसाइकिल भी जब्त की है।
मामले में दोनों आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 291/26 के तहत धारा 34(2) आबकारी एक्ट में प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई है। पुलिस आरोपियों से शराब के स्रोत और गंतव्य के संबंध में पूछताछ कर रही है। कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गरोठ रामस्नेही मिश्रा, एसडीओपी सीतामऊ दिनेश प्रजापति के निर्देशन तथा थाना प्रभारी सुवासरा निरीक्षक बी.डी. बिरा के मार्गदर्शन में सउनि लक्ष्मीलाल जोशी और पुलिस टीम द्वारा की गई।