नहर में मिला साढ़े तीन वर्षीय बच्चे का शव, गांव में मातम।
औरंगाबाद जिले के दाउदनगर थाना क्षेत्र के मनार पंचायत अंतर्गत गंगा बिगहा गांव में साढ़े तीन वर्षीय बच्चे का शव नहर में मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान भोला कुमार के रूप में बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, बच्चा गुरुवार की शाम करीब चार बजे से लापता था। परिजनों ने उसकी काफी खोजबीन की और पुलिस को भी इसकी सूचना दी गई। शुक्रवार की सुबह गांव के समीप स्थित नहर में बच्चे का शव मिलने की सूचना मिली।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं गांव में मातम का माहौल है।
परिजनों की ओर से बच्चे की हत्या की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, हत्या की पुष्टि और मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।