
पधर:- मंडी-पठानकोट हाईवे पर 23 ग्राम चिट्टे के साथ सैनिक गिरफ्तार, पिता हिमाचल पुलिस से रहे हैं सेवानिवृत्त
ललित ठाकुर। पधर
मंडी पुलिस ने चिट्टा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 23 ग्राम चिट्टे के साथ एक सैनिक को गिरफ्तार किया है। जोगिंद्रनगर और पधर पुलिस की संयुक्त टीम ने वीरवार देर रात मंडी-पठानकोट हाईवे पर पधर के समीप नाकाबंदी के दौरान आरोपी को कार समेत पकड़ा।
पुलिस के अनुसार, आरोपी मंडी जिले के धर्मपुर क्षेत्र का रहने वाला है और जोगिंद्रनगर उपमंडल में चिट्टे की सप्लाई से जुड़ा होने की जांच की जा रही है। पुलिस टीम ने कार की तलाशी ली, जिसमें करीब 23 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। इसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर पुलिस थाना पधर ले जाया गया और उसके खिलाफ मादक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया।
पुलिस के मुताबिक आरोपी की गतिविधियों पर काफी समय से नजर रखी जा रही थी। अब जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि बरामद चिट्टा कहां से लाया गया था और इसकी सप्लाई किन लोगों तक की जानी थी। पुलिस आरोपी से पूछताछ के आधार पर इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
बताया गया है कि गिरफ्तार सैनिक के पिता हिमाचल पुलिस विभाग से सेवानिवृत्त हैं। पुलिस अधीक्षक मंडी विनोद कुमार ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि जांच के बाद सामने आने वाले अन्य आरोपियों के खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
Mandi, Mandi | Aug 14, 2026