
अररिया, 25 जून 2026
संघर्ष से सफलता तक : जूसी फर्नीचर की प्रेरणादायक यात्रा
नाम: मो० साबिर
जिला: अररिया
उद्यम का नाम: जूसी फर्नीचर
व्यवसाय का क्षेत्र: लकड़ी फर्नीचर निर्माण
मो० साबिर एक कुशल बढ़ई एवं लकड़ी फर्नीचर निर्माता हैं। उन्होंने मैट्रिक तक शिक्षा प्राप्त की है और कई वर्षों से फर्नीचर निर्माण कार्य से जुड़े रहे हैं। उनके पास इस क्षेत्र का अच्छा अनुभव और तकनीकी कौशल था, लेकिन पर्याप्त पूंजी के अभाव में वे अपने व्यवसाय को इच्छानुसार आगे नहीं बढ़ा पा रहे थे।
वर्ष 2025 में उन्हें प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम (PMEGP) के अंतर्गत वित्तीय सहायता प्राप्त हुई। इस योजना के माध्यम से उन्हें कुल 28.50 लाख रुपये की सहायता मिली, जिसमें 4.75 लाख रुपये अनुदान के रूप में प्राप्त हुए। प्राप्त राशि का उपयोग उन्होंने आधुनिक मशीनरी खरीदने तथा व्यवसाय के लिए आवश्यक कच्चे माल की व्यवस्था करने में किया।
सहायता राशि से मो० साबिर ने अत्याधुनिक सीएनसी राउटर मशीन स्थापित की। इस मशीन की मदद से वे ग्राहकों की मांग के अनुसार विभिन्न प्रकार के आकर्षक एवं आधुनिक डिज़ाइन वाले फर्नीचर तैयार करने लगे। इससे उनके उत्पादों की गुणवत्ता और उत्पादन क्षमता दोनों में उल्लेखनीय वृद्धि हुई।
आज उनकी इकाई जूसी फर्नीचर में कुशल कारीगरों द्वारा लकड़ी फर्नीचर निर्माण से संबंधित सभी कार्य किए जाते हैं। उनके द्वारा निर्मित उत्पाद न केवल आसपास के गांवों, प्रखंडों और जिले में बल्कि अन्य क्षेत्रों में भी बेचे जा रहे हैं। व्यवसाय के विस्तार के साथ उन्होंने लगभग 15 लोगों को रोजगार भी उपलब्ध कराया है, जिससे स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन को बढ़ावा मिला है।
मो० साबिर अपनी सफलता का श्रेय भारत सरकार, उद्योग विभाग तथा प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम (PMEGP) को देते हैं। उनका मानना है कि यदि उन्हें यह वित्तीय सहायता नहीं मिलती, तो आधुनिक मशीनरी स्थापित करना और व्यवसाय का विस्तार करना संभव नहीं हो पाता।
यह कहानी दर्शाती है कि सही समय पर मिली सरकारी सहायता, मेहनत और कौशल के साथ मिलकर किसी भी उद्यमी को आत्मनिर्भरता एवं सफलता की नई ऊंचाइयों तक पहुंचा सकती है।
जिला प्रशासन अररिया
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
Araria, Bihar | Jun 25, 2026