
कोतमा में दर्दनाक हादसा: दुर्गा प्रतिमा विसर्जन से लौटते समय ट्रैक्टर से गिरा युवक, पहिए की चपेट में आने से मौत
कोतमा। अनूपपुर जिले के कोतमा थाना क्षेत्र में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन से लौटते समय हुए दर्दनाक हादसे में 25 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान शुभम बुनकर पिता दीपक बुनकर, निवासी वार्ड क्रमांक 8 रेस्ट हाउस रोड विकास नगर, कोतमा के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार बुधवार को कोतमा में रावण दहन के साथ दुर्गा प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया था। वार्ड क्रमांक 8 रेस्ट हाउस रोड के पास स्थापित दुर्गा प्रतिमा का भी पूजा समिति द्वारा नगरपालिका की ओर से वार्ड क्रमांक 7 कृषि उपज मंडी परिसर में बनाए गए कुंड में रात करीब 12:50 बजे विसर्जन किया गया।
विसर्जन के बाद शुभम अन्य वार्डवासियों के साथ ट्रैक्टर से वापस घर लौट रहा था। इसी दौरान रात करीब 1:20 बजे बंजारी चौक के पास बैचू केवट के होटल के सामने ट्रैक्टर के इंजन और ट्रॉली के बीच ज्वाइंट पर बैठे शुभम का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क पर गिर गया। इसी दौरान ट्रॉली का बायां पहिया उसकी कमर के ऊपर से गुजर गया।
हादसे के बाद मौके पर मौजूद शिवम गुप्ता, शारदा साहू सहित अन्य लोगों ने तत्काल शुभम को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोतमा पहुंचाया, जहां ड्यूटी डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव को मर्चुरी में सुरक्षित रखवाया गया।
गुरुवार सुबह परिजनों की मौजूदगी में शव का पोस्टमार्टम कराया गया, जिसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। बताया गया कि शुभम दो भाइयों में बड़ा था और उसने ग्रेजुएशन की पढ़ाई पूरी कर ली थी। वह वर्तमान में नौकरी की तलाश कर रहा था। उसके पिता दीपक बुनकर कृषि विभाग के कोतमा विकासखंड स्थित बैहाटोला में कार्यरत हैं।
कोतमा थाना प्रभारी रत्नाम्बर शुक्ला के अनुसार घटना के संबंध में पुलिस द्वारा जांच की जा रही है। हादसे में शामिल ट्रैक्टर कोतमा नगरपालिका का बताया गया है। पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच में जुटी है।
#कोतमा #अनूपपुर #दुर्गाविसर्जन #BreakingNews #BSP24News