
सपा से निष्कासन के बाद भी जुबेद अहमद को मिली चुनावी जिम्मेदारी, पट्टी में पार्टी कार्यकर्ताओं में नाराजगी
एमएलसी चुनाव में 330-अ कार्यालय क्षेत्र समिति पट्टी का प्रभारी बनाए जाने पर उठे सवाल, सपा कार्यकर्ताओं में चर्चा तेज
#प्रतापगढ़ पट्टी। समाजवादी पार्टी में जिला पंचायत सदस्य पट्टी प्रथम जुबेद अहमद को लेकर एक बार फिर राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं। पार्टी से निष्कासित किए जाने के बाद भी उन्हें एमएलसी चुनाव में 330-अ कार्यालय क्षेत्र समिति पट्टी का प्रभारी बनाए जाने की बात सामने आने से पट्टी विधानसभा क्षेत्र के सपा कार्यकर्ताओं में नाराजगी देखी जा रही है। बताया जा रहा है कि सपा के जिला महासचिव की ओर से जुबेद अहमद को एमएलसी चुनाव के मद्देनजर उक्त जिम्मेदारी सौंपी गई है। इस फैसले को लेकर स्थानीय सपा कार्यकर्ताओं के बीच सवाल उठने लगे हैं। कार्यकर्ताओं के बीच चर्चा है कि जब जुबेद अहमद को पार्टी से निष्कासित किया जा चुका है, तो फिर उन्हें चुनाव जैसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी किस आधार पर दी गई? इस मामले ने पट्टी विधानसभा क्षेत्र में समाजवादी पार्टी के अंदरूनी समीकरणों को लेकर भी चर्चाओं को हवा दे दी है। पार्टी के कुछ कार्यकर्ताओं में इस फैसले को लेकर असंतोष बताया जा रहा है। हालांकि, इस मामले में पार्टी के जिला नेतृत्व की ओर से आधिकारिक स्पष्टीकरण सामने आने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।
फिलहाल, जुबेद अहमद को चुनावी जिम्मेदारी सौंपे जाने के मामले ने पट्टी की सियासत में हलचल बढ़ा दी है। अब देखना होगा कि पार्टी नेतृत्व इस नाराजगी को किस तरह संभालता है।
#pratapgarh #MLCElection #pratapgarhnews