
समाहरणालय बक्सर
(जिला जन संपर्क कार्यालय)
प्रेस विज्ञप्ति:- दिनांक 13 जुलाई 2026
कार्यस्थल पर महिलाओं के लैंगिक उत्पीड़न की रोकथाम हेतु जिला स्तरीय कार्यशाला आयोजित
आज दिनांक 13 जुलाई 2026 को जिला पदाधिकारी बक्सर, श्रीमती साहिला की अध्यक्षता में "महिलाओं का कार्य स्थल पर लैंगिक उत्पीड़न (निवारण, प्रतिषेध एवं प्रतितोष) अधिनियम, 2013 (POSH Act, 2013)" विषय पर जिला स्तरीय कार्यशाला का आयोजन समाहरणालय परिसर स्थित सभाकक्ष में किया गया।
कार्यशाला में सभी जिला स्तरीय पदाधिकारी, विभागीय प्रतिनिधि एवं संबंधित अधिकारियों ने भाग लिया।
जिला पदाधिकारी ने कहा कि प्रत्येक सरकारी कार्यालय एवं संस्थान में महिलाओं के लिए सुरक्षित, सम्मानजनक एवं गरिमामय कार्यस्थल उपलब्ध कराना सभी विभागों की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी विभागों को POSH Act, 2013 के प्रावधानों का पूर्णतः अनुपालन सुनिश्चित करने, प्रत्येक कार्यालय में आंतरिक शिकायत समिति (Internal Committee-IC) का गठन एवं नियमित बैठक आयोजित करने तथा अधिनियम से संबंधित जागरूकता कार्यक्रम समय-समय पर आयोजित करने का निर्देश दिया गया।
कार्यशाला के दौरान SHe-Box (Sexual Harassment electronic Box) पोर्टल की विस्तृत जानकारी दी गई। बताया गया कि यह पोर्टल कार्यस्थल पर लैंगिक उत्पीड़न से संबंधित शिकायतों के ऑनलाइन पंजीकरण एवं त्वरित अनुश्रवण के लिए भारत सरकार द्वारा विकसित एक प्रभावी डिजिटल मंच है।
जिला पदाधिकारी ने सभी विभागाध्यक्षों को निर्देश दिया कि अपने-अपने कार्यालयों में SHe-Box पोर्टल की जानकारी व्यापक रूप से उपलब्ध कराई जाए, कार्यालयों के सूचना पट्ट पर पोर्टल संबंधी विवरण प्रदर्शित किया जाए तथा सभी कर्मियों, विशेषकर महिला कर्मियों को पोर्टल के उपयोग के संबंध में जागरूक किया जाए।
उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि POSH Act, 2013 एवं SHe-Box पोर्टल के संबंध में नियमित प्रशिक्षण, कार्यशालाओं एवं जन-जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया जाए। ताकि प्रत्येक कर्मचारी अपने अधिकारों एवं दायित्वों के प्रति जागरूक हो सके तथा शिकायतों का समयबद्ध एवं निष्पक्ष निस्तारण सुनिश्चित किया जा सके।
कार्यशाला में अधिकारियों ने अधिनियम के विभिन्न प्रावधानों, शिकायत निवारण प्रक्रिया, गोपनीयता, संवेदनशीलता एवं संस्थागत उत्तरदायित्व पर विस्तार से चर्चा की तथा कार्यस्थलों को महिलाओं के लिए सुरक्षित एवं समावेशी बनाने की प्रतिबद्धता दोहराई।
जिला प्रशासन, बक्सर ने सभी सरकारी कार्यालयों, शैक्षणिक संस्थानों एवं अन्य प्रतिष्ठानों से POSH Act, 2013 के प्रभावी क्रियान्वयन एवं SHe-Box पोर्टल के व्यापक प्रचार-प्रसार में सक्रिय सहयोग करने की अपील की है।
जिला जन संपर्क कार्यालय
बक्सर।
Information & Public Relations Department, Government of Bihar @top fans Buxar Administration CMO Bihar Buxar Police #BuxarNews #bihar #buxarcity #buxarjila #buxar #topfollowers
Buxar, Bihar | Jul 13, 2026