सदर अस्पताल परिसर व मुख्य मार्ग पर अवैध पार्किंग के विरुद्ध जिला प्रशासन की सख्त कार्रवाई उपायुक्त एवं एसएसपी ने लिया त्वरित संज्ञान, कई वाहन जब्त व चालान काटे गए
सदर अस्पताल के औचक निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी श्री आदित्य रंजन एवं वरीय पुलिस अधीक्षक श्री प्रभात कुमार ने पाया कि कई आगंतुकों और वाहन चालकों द्वारा अपने वाहन निर्धारित पार्किंग स्थल पर न खड़े कर अस्पताल के मुख्य प्रवेश व आवागमन मार्ग पर ही बेतरतीब तरीके से पार्क किए गए हैं।
मार्ग बाधित होने के कारण अस्पताल में आने वाली एम्बुलेंस, आपातकालीन सेवाओं और मरीजों को गंभीर असुविधा का सामना करना पड़ रहा था। इस अव्यवस्था को अत्यंत गंभीरता से लेते हुए उपायुक्त एवं वरीय पुलिस अधीक्षक ने मौके पर ही ट्रैफिक डीएसपी को त्वरित व कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।