
पंचकूला : खेड़ा मंदिर पार्किंग में कार से 12 पेटियां अवैध शराब और बीयर बरामद
पंचकूला पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए सेक्टर-19 स्थित खेड़ा मंदिर पार्किंग में खड़ी एक कार से भारी मात्रा में अवैध शराब और बीयर बरामद की है। पुलिस ने मौके से 12 पेटियां शराब और बीयर जब्त कर अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं। जानकारी के अनुसार सेक्टर-20 थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली सेक्टर-19 पुलिस चौकी की टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि खेड़ा मंदिर के पास पार्किंग में खड़ी एक सफेद रंग की हुंडई आई-20 कार में अवैध शराब रखी गई है। सूचना के आधार पर पुलिस चौकी इंचार्ज पीएसआई कमलदीप सिंह के नेतृत्व में टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की।
पुलिस को पार्किंग में संदिग्ध कार खड़ी मिली। कार के शीशों पर काली जालियां लगी हुई थीं और अंदर शराब की पेटियां दिखाई दे रही थीं। कार लॉक होने के कारण स्थानीय लोगों की मौजूदगी में उसे खोलने का प्रयास किया गया, लेकिन सफलता नहीं मिलने पर पुलिस ने कार का पिछला शीशा तोड़कर दरवाजा खोला और तलाशी ली।
तलाशी के दौरान कार से 12 पेटियां अवैध शराब और बीयर बरामद हुईं। इनमें 200 पव्वे, 24 अद्धे, 24 बोतलें अवैध देशी शराब तथा 59 बोतलें बीयर शामिल हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह शराब चंडीगढ़ से लाकर पंचकूला में अवैध रूप से सप्लाई करने की तैयारी की जा रही थी।
#panchkulanews #panchkula #panchkulasocialmedia