बच्चा चोरी के संदेह में महिला को ग्रामीणों ने पकड़ा, पुलिस को सौंपा; जांच शुरू
बैरिया: बैरिया थाना क्षेत्र के तधवानंदपुर पंचायत के मठ टोला में शनिवार के रात करीब 9 बजे बच्चा चोरी के संदेह में एक महिला को ग्रामीणों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। ग्रामीणों के अनुसार, महिला एक बच्चे को लेकर जाती हुई दिखाई दी, जिस पर लोगों को संदेह हुआ। इसके बाद ग्रामीणों ने उसे रोक लिया और मौके पर भीड़ जुट गई। घटना की सूचना तत्काल डायल 112 पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और संदिग्ध महिला को अपने साथ थाना ले गई। पुलिस महिला से पूछताछ कर उसकी पहचान तथा घटना की सत्यता की जांच कर रही है। कुछ ग्रामीण महिला के बांग्लादेशी होने का दावा कर रहे हैं, हालांकि पुलिस ने अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल प्रशासन को देने की अपील की है। मामले की जांच के बाद ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा हो सकेगा।