सिंचाई पानी की मांग को लेकर किसानों ने सीएम का फूंका पुतला ,
चुनाव बहिष्कार का ऐलान
बीकानेर। उपखंड क्षेत्र के चक 3 पीडब्ल्यूएम में सिंचाई पानी की मांग को लेकर किसानों का आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है। सोमवार को नाराज किसानों ने मुख्यमंत्री का पुतला फूंककर विरोध दर्ज करवाया और आगामी पंचायती राज चुनावों के बहिष्कार का ऐलान किया।
आठ बारी पानी की मांग को लेकर लंबे समय से आंदोलनरत किसानों ने कहा कि यदि उनकी मांग पर सरकार द्वारा ठोस कदम नहीं उठाया गया तो क्षेत्र के किसान एवं जनप्रतिनिधि पंचायत चुनाव में भाग नहीं लेंगे। किसानों ने कहा कि न तो पर्चा दाखिल करने जाएंगे और न ही मतदान करेंगे।
किसानों का कहना है कि सिंचित क्षेत्र के किसान लंबे समय से 8 बारी पानी की मांग उठा रहे हैं, लेकिन उनकी समस्या का अब तक समाधान नहीं हुआ है। इसी के विरोध में किसानों ने मुख्यमंत्री का पुतला जलाकर अपना आक्रोश जताया। किसानों ने चेतावनी दी कि सिंचाई पानी की समस्या का समाधान नहीं होने तक उनका आंदोलन जारी रहेगा और पंचायत राज चुनाव के बहिष्कार के फैसले पर कायम रहेंगे।