जिला जेल के पास डायल-112 और अल्टो कार में भिड़ंत, तीन घायल, दो युवक मौके से फरार
#मंदसौर। गुरुवार देर रात करीब 12:45 बजे जिला जेल के पास एक सड़क हादसा हो गया। नई आबादी थाना की डायल-112 एफआरवी क्रमांक एमपी 04 YO 2759 सिटी की ओर से थाने की ओर जा रही थी। इसी दौरान सीतामऊ फाटक की ओर से तेज रफ्तार में आ रही अल्टो कार क्रमांक एमपी 14 सीसी 5860 से उसकी आमने-सामने भिड़ंत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार अल्टो कार में पांच युवक सवार थे और वे किसी पार्टी से लौट रहे थे। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद कार में सवार दो युवक मौके से फरार हो गए, जबकि घायल तीन लोगों को तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली थाना से गश्त अधिकारी एसआई विजय पुरोहित पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर दोनों वाहनों को हटवाया तथा मामले की जांच शुरू कर दी है। फरार युवकों की तलाश की जा रही है।