
भिवानी में 3 अक्टूबर शनिवार को होगा जिला कन्वेंशन : विकास राठी
भिवानी।
अखिल भारतीय राज्य सरकारी कर्मचारी महासंघ के आह्वान पर 12 दिसंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित होने वाली कर्मचारी आक्रोश रैली को लेकर दी रेवन्यू पटवार एवं कानूनगो एसोसिएशन हरियाणा ने कमर कस ली है। आज शनिवार को भिवानी में होने वाली बैठक में सर्व कर्मचारी संघ से संबंधित सभी विभागीय युनियनों के ब्लाक,तहसील व जिला के चुनें हुए सभी पदाधिकारी भाग लेंगे।
संगठन के राज्य उप प्रधान विकास राठी जिला सचिव रविन्द्र पटवारी और जिला प्रधान दयाराम ग्रेवाल ने संयुक्त रूप बयान जारी कर आंदोलन की रूपरेखा साझा की।
विकास राठी ने सख्त लहजे में कहा कि हम पुरानी पेंशन और नया वेतन आयोग लेकर रहेंगे। उन्होंने कहा कि नवउदारीकरण की नीतियों के कारण सरकारी महकमों में नियमित नौकरियों के स्थान पर अनुबंध, आउटसोर्सिंग और हरियाणा कौशल रोजगार निगम (एचकेआरएन) जैसी व्यवस्थाओं को थोपा जा रहा है। इससे न केवल कर्मचारियों के अधिकारों का हनन हो रहा है, बल्कि सार्वजनिक सेवाओं की गुणवत्ता पर भी बुरा असर पड़ रहा है।
सचिव रविन्द्र पटवारी ने कहा कि कर्मचारियों की मांगों में सभी कच्चे कर्मचारियों और शिक्षकों को नियमित किया जाए तथा दो वर्ष की सेवा पूरी कर चुके कर्मचारियों के लिए स्पष्ट नीति बने, हरियाणा कौशल रोजगार निगम को तुरंत प्रभाव से भंग कर सभी कर्मचारियों को संबंधित विभागों के पेरोल पर लिया जाए, पीएफआरडीए कानून रद्द कर एनपीएस और यूपीएस की जगह पुरानी पेंशन बहाल हो, प्रदेश में बढ़ती आबादी के अनुसार कम से कम 12 लाख नए नियमित पद सृजित किए जाएं और बैकलॉग भरा जाए। संगठन के जिला प्रधान दयाराम ग्रेवाल ने कहा कि हरियाणा के लिए अलग वेतन आयोग का गठन, अंतरिम राहत और शत-प्रतिशत चिकित्सा व्यय प्रतिपूर्ति की व्यवस्था लागू हो, नई शिक्षा नीति वापस ली जाए और अनिवार्य टीईटी के आधार पर हो रही शिक्षकों की छंटनी रोकी जाए आदि मांग शामिल हैं।
इस मौके पर जिला सह सचिव शैलेन्द्र परमार पटवारी ने बताया कि दिल्ली रैली की सफलता के लिए प्रदेशभर में तीन चरणों का अभियान चलाया जाएगा।