
अफीम की खेती और अवैध शराब पर प्रशासन सख्त, उपायुक्त ने दिए कार्रवाई के निर्देश
सरायकेला-खरसावां जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार और अवैध शराब के खिलाफ प्रशासन ने कार्रवाई तेज करने का फैसला लिया है। समाहरणालय सभागार में उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में मादक पदार्थ नियंत्रण समन्वय समिति की बैठक हुई। बैठक में अफीम की खेती, नशीले पदार्थों की तस्करी और अवैध शराब के निर्माण, भंडारण एवं बिक्री पर प्रभावी रोक लगाने को लेकर अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए।
उपायुक्त ने निर्देश दिया कि जिन क्षेत्रों में पूर्व में अफीम की खेती के मामले सामने आए हैं, वहां विशेष निगरानी रखी जाए। संभावित क्षेत्रों की पहचान के लिए अंचल अधिकारी और थाना प्रभारी संयुक्त रूप से कार्ययोजना तैयार कर कार्रवाई करें। संबंधित अनुमंडल पदाधिकारी और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी को इसकी नियमित निगरानी करने तथा सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
उपायुक्त ने कहा कि अफीम की खेती और मादक पदार्थों के अवैध कारोबार को किसी भी स्थिति में बढ़ावा नहीं मिलने दिया जाएगा। संवेदनशील इलाकों में लगातार निगरानी रखने के साथ संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिलते ही त्वरित कार्रवाई करने को कहा गया। साथ ही जमीनी स्तर पर सूचना तंत्र को मजबूत बनाने पर भी जोर दिया गया।
अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री के खिलाफ नियमित जांच एवं छापेमारी अभियान चलाने का निर्देश उत्पाद अधीक्षक को दिया गया। सड़क किनारे, हाट-बाजार, होटल और भोजनालयों में अवैध रूप से शराब बेचने या परोसने की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए नियमित जांच करने तथा दोषी पाए जाने वाले व्यक्ति या प्रतिष्ठान के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा गया।
बैठक में पुलिस अधीक्षक मनोज सर्वांगीयारी ने सभी थाना प्रभारियों को संवेदनशील क्षेत्रों में गश्त और निगरानी बढ़ाने का निर्देश दिया। उन्होंने मादक पदार्थों से जुड़ी किसी भी सूचना पर तत्काल कार्रवाई करने तथा अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
पुलिस अधीक्षक ने शराब के नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ भी नियमित जांच अभियान चलाकर कार्रवाई करने का निर्देश दिया। इसके अलावा मादक पदार्थों के अवैध कारोबार से जुड़े पूरे नेटवर्क की पहचान करने, सूचना तंत्र मजबूत करने और प्राप्त सूचनाओं पर त्वरित एवं समन्वित कार्रवाई करने पर विशेष जोर दिया।
उपायुक्त ने कहा कि मादक पदार्थों और अवैध शराब के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई के लिए सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करना होगा। संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित निगरानी, सघन जांच, छापेमारी और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
बैठक में उप विकास आयुक्त रीना हांसदा, परियोजना निदेशक उषा मुंडू, आदित्यपुर नगर आयुक्त एजाज अनवर, पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय, सरायकेला एवं चांडिल के अनुमंडल पदाधिकारी और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार, उत्पाद अधीक्षक, जिला परिवहन पदाधिकारी, सभी अंचल अधिकारी, थाना प्रभारी सहित समिति के अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
#सरायकेला #सरायकेलाखरसावां #अफीमकीखेती #अवैधशराब #नशामुक्ति #नशेकेखिलाफकार्रवाई #पुलिसकार्रवाई #जिलाप्रशासन #उपायुक्त #JharkhandNews #Seraikela #ChhotanagpurLive