
छत्तीसगढ़ में धमतरी जिले में 16 अक्टूबर 2026 से मानसून उपरांत शुरू हो रहे रेत उत्खनन और परिवहन को लेकर जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी ने मोर्चा खोल दिया है। पार्टी के जिला पदाधिकारियों ने कलेक्टर जनदर्शन में पहुंचकर ग्राम तेंदूकोन्हा सहित जिले के सभी रेत घाटों के पारदर्शी और नियमानुसार संचालन की पुरजोर मांग की। उन्होंने प्रशासन से स्पष्ट कहा कि घाटों के संचालन से पहले राजस्व व खनिज विभाग की संयुक्त टीम द्वारा भौतिक सीमांकन कराया जाए और स्वीकृत रकबे के चारों कोनों पर जीपीएस कोऑर्डिनेट युक्त कंक्रीट पिलर स्थापित किए जाएं, ताकि अवैध उत्खनन पर प्रभावी रोक लग सके।
पार्टी ने भारी पोकलेन व जेसीबी मशीनों द्वारा अवैध और अत्यधिक गहराई तक खनन पर तुरंत रोक लगाकर स्थानीय मजदूरों को रोजगार देने हेतु हस्तचलित खनन को प्राथमिकता देने की मांग की। इसके साथ ही प्रवेश द्वार पर खदान का विवरण, शासकीय दर-सूची और हेल्पलाइन नंबर वाले सूचना बोर्ड लगाने, बिना ई-ट्रांजिट पास के परिवहन रोकने तथा ओवरलोडिंग पर सख्त नियंत्रण के लिए तौल-कांटा (वेटब्रिज) अनिवार्य करने पर जोर दिया गया। पार्टी पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया कि रेत घाटों का संचालन एनजीटी के दिशा-निर्देशों और 'छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम, 2025' के तहत पर्यावरण संरक्षण व आम जनता के हित में ही होना चाहिए।
#Dhamtari #SandMining #JoharChhattisgarhParty #ChhattisgarhNews #PublicInterest #NGTRules #PanchayatRights #CGNews #FatafatNews