
#गंदे_पानी_की_निकासी और नाला निर्माण के लिए दो दिन रास्ता बंद,
वाहन चालक होंगे परेशान!
बिसाऊ के मीणा मोहल्ले में चल रहा निर्माण कार्य,
जीण माता मंदिर से सिगंतियों के कुएं तक आवागमन रोका;
वैकल्पिक रास्तों से गुजरेंगे वाहन
बिसाऊ। (अशोक सोनी) कस्बे के मीणा मोहल्ले में गंदे पानी की निकासी और क्रॉस नाला निर्माण कार्य अब वाहन चालकों के लिए परेशानी का सबब बन गया है। मलसीसर स्टैंड से जीण माता मंदिर होते हुए झुंझुनूं रोड से जुड़ने वाले मुख्य मार्ग पर शनिवार और रविवार को आवागमन बंद कर दिया गया है। ऐसे में दो दिन तक इस रास्ते से गुजरने वाले वाहन चालकों को वैकल्पिक मार्ग अपनाना पड़ेगा।
नगरपालिका की ओर से जीण माता मंदिर से सिगंतियों के कुएं तक सड़क को ब्लॉक कर निर्माण कार्य करवाया जा रहा है। बताया गया कि सड़क पर बने क्रॉस नाले के पास गड्ढे हो गए थे, जिससे आवागमन में परेशानी हो रही थी। इन गड्ढों को दुरुस्त करने के लिए वहां बनी छोटी नाली को तोड़कर नाले को चौड़ा किया जा रहा है।
गंदे पानी की निकासी के लिए जैक मशीन का सहारा
ईओ सीताराम कुमावत के अनुसार शनिवार को सड़क पर जमा हो रहे गंदे पानी की निकासी के लिए कार्यवाहक सफाई निरीक्षक राजेंद्र सिंह को मौके पर भेजा गया। नगरपालिका की जैक मशीन टैंकर से गंदे पानी को भरवाकर दूसरी जगह खाली करवाया गया। उन्होंने बताया कि जब तक चौंबर में पानी की निकासी सुचारू नहीं होती, तब तक सड़क को साफ रखने के लिए गंदे पानी की अस्थायी निकासी व्यवस्था जारी रहेगी।
दो दिन की परेशानी, स्थायी समाधान का इंतजार
सड़क बंद होने से मलसीसर स्टैंड, जीण माता मंदिर और झुंझुनूं रोड की ओर आने-जाने वाले वाहन चालकों को रास्ता बदलना पड़ेगा। स्थानीय लोगों के लिए अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि गंदे पानी की निकासी की समस्या का स्थायी समाधान कब होगा। फिलहाल नगरपालिका का पूरा जोर निर्माण कार्य पूरा कर रास्ता सुचारू करने पर है। ईओ ने दो दिन तक आवागमन बंद रहने से वाहन चालकों को होने वाली असुविधा के लिए खेद जताया है।
#Bissau #बिसाऊ #नगरपालिका #गंदे_पानी_की_निकासी #नाला_निर्माण #जीणमाता_मंदिर #मलसीसर_स्टैंड #झुंझुनूं_रोड #सड़क_बंद #यातायात_व्यवस्था #जनसमस्या #शेखावाटी #ShekhawatiExpress #BreakingNews #LocalNews Shekhawati Express@followers