
🔳प्रदेश के सभी विश्वविद्यालयों व महाविद्यालयों में 1 से 3 जुलाई तक होंगे दीक्षारंभ समारोह
🔳कटनी – उच्च शिक्षा संचालनालय द्वारा प्रदेश के समस्त विश्वविद्यालयों एवं महाविद्यालयों में नवप्रवेशित विद्यार्थियों के स्वागत एवं मार्गदर्शन हेतु 1 जुलाई से 3 जुलाई 2026 तक दीक्षारंभ समारोह आयोजित करने के निर्देश जारी किए गए हैं।
जारी निर्देशों के अनुसार दीक्षारंभ समारोह का आयोजन संस्थान प्रमुख की अध्यक्षता में किया जाएगा तथा इसमें नवप्रवेशित विद्यार्थियों के साथ उनके अभिभावकों की अधिकतम सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। समारोह के दौरान विद्यार्थियों को संस्थान की स्थापना, उपलब्धियों, शैक्षणिक गतिविधियों, नियमों एवं उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी दी जाएगी।
इसके साथ ही विद्यार्थियों को राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020, अकादमिक बैंक ऑफ क्रेडिट, बहुविषयक शिक्षा, कौशल विकास, इंटर्नशिप एवं रोजगारोन्मुखी अवसरों से अवगत कराया जाएगा। विभिन्न छात्रवृत्ति योजनाओं जैसे पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति, गांव की बेटी, प्रतिभा किरण एवं मुख्यमंत्री मेधावी विद्यार्थी योजना सहित अन्य योजनाओं की जानकारी भी प्रदान की जाएगी।
कार्यक्रम के दौरान पुस्तकालय, प्रयोगशालाओं, खेल सुविधाओं, आईटी अवसंरचना एवं ई-लाइब्रेरी का भ्रमण कराया जाएगा। साथ ही एंटी-रैगिंग प्रावधान, महिला सुरक्षा, लैंगिक संवेदनशीलता, साइबर सुरक्षा एवं छात्र आचरण संहिता की जानकारी दी जाएगी।
विद्यार्थियों को एनसीसी, एनएसएस, खेलकूद, सांस्कृतिक गतिविधियों एवं अन्य सह-शैक्षणिक कार्यक्रमों से भी जोड़ा जाएगा। कार्यक्रम में विशेषज्ञों, प्रेरक वक्ताओं एवं संस्थान के उत्कृष्ट पूर्व छात्रों के व्याख्यान भी आयोजित किए जाएंगे।
इसके अतिरिक्त पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, नशामुक्ति, मतदान जागरूकता एवं सामाजिक उत्तरदायित्व जैसे विषयों पर विशेष सत्र आयोजित किए जाएंगे। विद्यार्थियों को शिकायत निवारण तंत्र, परामर्श सेवाओं एवं हेल्पलाइन की जानकारी भी उपलब्ध कराई जाएगी।
कार्यक्रम के अंतर्गत प्रवेश प्रक्रिया, विषय चयन, परीक्षा प्रणाली एवं कैरियर मार्गदर्शन से संबंधित सत्र भी आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रम के प्रचार-प्रसार के लिए जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों एवं अभिभावकों को आमंत्रित किया जा सकता है।
उच्च शिक्षा संचालनालय ने निर्देश दिए हैं कि आयोजित कार्यक्रमों के फोटोग्राफ, वीडियो एवं मीडिया कवरेज का संकलन कर 8 जुलाई 2026 तक समेकित प्रतिवेदन संचालनालय को भेजा जाए। साथ ही इस आयोजन को ‘प्रवेशोत्सव-2026’ का अभिन्न हिस्सा मानते हुए विद्यार्थियों में अनुशासन, अपनत्व एवं उत्कृष्टता की भावना विकसित करने पर विशेष जोर दिया जाएगा।
#JansamparkMP
#CMMadhyaPradesh
#DrMohanYadav51
#udaypratapmp
#jbpcommissioner
#katni
#कटनी