रंजिश के चलते युवक पर चाकू से जानलेवा हमला, हालत गंभीर
छतरपुर। कोतवाली थाना क्षेत्र के कलहरा कुआं मोहल्ले में मंगलवार शाम पुरानी रंजिश को लेकर एक युवक पर चाकू से हमला कर दिया गया। घटना में घायल सुरेश प्रजापति (35) पिता कृपाल प्रजापति को जिला अस्पताल के ट्रॉमा वार्ड में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
जानकारी के अनुसार, सुरेश घर के पास बैठा था, तभी मोहल्ले का पंकज बाल्मीकि वहां पहुंचा और उस पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में सुरेश की पीठ और हाथों में गंभीर चोटें आईं। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
घायल की मां ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे। परिजनों का आरोप है कि कुछ दिन पहले शराब के नशे में गाली-गलौज का विरोध करने पर आरोपी ने जान से मारने की धमकी दी थी। होली के दौरान मंदिर पर शराब की बोतल फेंकने को लेकर भी विवाद हुआ था। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।