रस्सी के सहारे बिजली का पोल, हादसे को न्योता देती विद्युत मंडल की लापरवाही
मंदसौर। नवकार गोल्ड कॉलोनी की गली नंबर 01 में विद्युत मंडल की लापरवाही से रहवासी परेशान हैं। क्षेत्रवासियों के अनुसार 06 जून की रात करीब 10 बजे बिजली पोल में फाल्ट हुआ था, लेकिन पूरी रात कोई कर्मचारी मौके पर नहीं पहुंचा।
अगले दिन 07 जून को सुबह करीब 11 बजे कर्मचारी पहुंचे और पोल को स्थायी रूप से ठीक करने के बजाय रस्सी के सहारे बांधकर चले गए। रहवासियों का आरोप है कि लाइन चालू करने का आश्वासन दिया गया, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया। क्षेत्रवासियों ने आशंका जताई है कि बारिश होने पर पोल में दोबारा फाल्ट हो सकता है। यदि किसी बच्चे या राहगीर ने पोल को छू लिया और कोई दुर्घटना हो गई तो इसकी पूरी जिम्मेदारी विद्युत मंडल के अधिकारियों की होगी। रहवासियों ने तत्काल मरम्मत कर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।