
लोकतंत्र के उत्सव में उमड़ा उत्साह, झालावाड़ जिले में प्रथम चरण का मतदान शांतिपूर्ण सम्पन्न
जिला निर्वाचन अधिकारी अजय सिंह राठौड़ ने मतदान केन्द्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का लिया जायजा
झालावाड़, 09 सितम्बर। नगरीय निकाय आम चुनाव 2026 के तहत झालावाड़ जिले में बुधवार को प्रथम चरण में नगर परिषद् झालावाड़ तथा नगर पालिका झालरापाटन, डग एवं भवानीमण्डी में सदस्य पदों के लिए मतदान शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित रूप से सम्पन्न हुआ।
जिला प्रशासन द्वारा की गई व्यापक व्यवस्थाओं तथा पुलिस प्रशासन की चाक-चौबंद सुरक्षा व्यवस्था के चलते मतदाताओं ने निर्भीक एवं सुगम वातावरण में अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान प्रक्रिया के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी (कलक्टर) अजय सिंह राठौड़ ने नगर परिषद् झालावाड़ एवं नगर पालिका झालरापाटन क्षेत्र के विभिन्न मतदान केन्द्रों का निरीक्षण कर मतदान प्रक्रिया, व्यवस्थाओं एवं सुरक्षा प्रबंधों का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
युवा से बुजुर्ग तक, हर आयु वर्ग ने दिखाया लोकतंत्र के प्रति उत्साह
नगरीय निकाय चुनाव में सभी आयु वर्ग के मतदाताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए लोकतंत्र के इस महापर्व में अपनी सहभागिता दर्ज कराई। मतदान केन्द्रों पर जहां युवाओं में मतदान को लेकर विशेष जोश दिखाई दिया, वहीं वृद्ध मतदाताओं ने भी लोकतंत्र के प्रति अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन करते हुए मतदान किया। नगर परिषद् झालावाड़ के वार्ड संख्या 34 के युवा मतदाता माधव आचार्य ने अपने जन्मदिन के अवसर पर पहली बार मतदान कर अपने मताधिकार का उपयोग किया तथा अन्य युवा मतदाताओं को भी अधिक से अधिक मतदान के लिए प्रेरित किया। इसी प्रकार नगर पालिका झालरापाटन के वार्ड संख्या 7 में 108 वर्षीय धन्नी बाई राठौर ने मतदान कर मत की महत्ता का संदेश दिया। नगर पालिका डग के वार्ड संख्या 15 के 90 वर्षीय वृद्ध मतदाता ने भी मतदान कर अन्य मतदाताओं के लिए प्रेरणादायी उदाहरण प्रस्तुत किया।
विशेष योग्यजन एवं वृद्ध मतदाताओं के लिए विशेष व्यवस्थाएं
जिला प्रशासन द्वारा मतदान केन्द्रों पर विशेष योग्यजन एवं वृद्ध मतदाताओं की सुविधा का विशेष ध्यान रखा गया। मतदान केन्द्रों पर व्हीलचेयर एवं स्वयंसेवकों की व्यवस्था की गई। स्काउट एवं गाइड के स्वयं सेवकों ने ऐसे मतदाताओं को मतदान केन्द्र तक पहुंचने तथा मतदान के पश्चात बाहर आने में सहयोग प्रदान किया। इससे विशेष योग्यजन एवं वृद्ध मतदाताओं को मतदान में किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़ा।
हैल्प डेस्क से मतदाताओं को मिली सहज मार्गदर्शन की सुविधा
जिन मतदान केन्द्रों पर एक ही भवन में एक से अधिक मतदान केन्द्र स्थापित किए गए थे, वहां जिला प्रशासन द्वारा हैल्प डेस्क स्थापित की गई। हैल्प डेस्क के माध्यम से मतदाताओं को उनके संबंधित मतदान केन्द्र एवं कक्ष की जानकारी देकर मतदान प्रक्रिया में आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया गया। इससे मतदाताओं को अपने मतदान केन्द्र तक पहुंचने में सुविधा रही और मतदान प्रक्रिया सुचारू रूप से सम्पन्न हुई।
शांतिपूर्ण मतदान के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी ने जताया आभार
जिला निर्वाचन अधिकारी (कलक्टर) अजय सिंह राठौड़ ने प्रथम चरण के मतदान को शांतिपूर्ण एवं सफलतापूर्वक सम्पन्न कराने में सहयोग देने वाले सभी मतदाताओं, मतदान दलों, निर्वाचन से जुड़े अधिकारियों एवं कार्मिकों, पुलिस प्रशासन, सुरक्षा बलों, स्काउट गाइड स्वयंसेवकों तथा प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग करने वाले सभी नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि जिलेवासियों के सहयोग एवं सहभागिता से लोकतंत्र के इस महापर्व का प्रथम चरण सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ है।