
बाढ़ से फसलें बर्बाद, जलनिकासी ठप; ग्रामीणों ने मुआवजे और पुल निर्माण की मांग उठाई
पलिया। तहसील क्षेत्र के ग्राम पंचायत मकनपुर के ग्रामीणों ने उपजिलाधिकारी पलिया को प्रार्थना पत्र देकर क्षेत्र में लंबे समय से भरे बाढ़ के पानी से किसानों को हो रहे नुकसान की जानकारी दी है। ग्रामीणों के अनुसार 22 अगस्त 2026 से लगातार बाढ़ का पानी भरा हुआ है, जिससे धान समेत अन्य फसलें पूरी तरह बर्बाद हो गई हैं।
प्रार्थना पत्र में बताया गया कि खेतों में लंबे समय से पानी भरा रहने के कारण पशुओं के लिए चारा भी खराब हो गया है। मकनपुर के ग्रामीणों के अनुसार बाढ़ का पानी अधिक दिनों तक भरे रहने से किसानों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और आवागमन के लिए ग्राम बिलहिया फार्म के ग्रामीणों द्वारा संचालित नाव ही एकमात्र सहारा बनी हुई है।
ग्रामीणों ने बताया कि दुधवा रोड पर वंशी नगर रपटा पुल के पास तथा संबंधित पुल के स्थान पर नया पुल बनाए जाने की मांग की गई है। उनका कहना है कि सुहेली नदी और नकहुआ नाले के पुल में सिल्ट जमा होने के कारण जलनिकासी पूरी तरह बाधित हो गई है, जिसके चलते आसपास के कई गांवों में बाढ़ का पानी लंबे समय तक भरा रहता है।
ग्रामीणों ने मकनपुर, बिलहिया फार्म, मुजहा, देवीपुर, अतर नगर, गजरौला, मुसाफिरनगर, निषादनगर और धोला सहित अन्य गांवों में जलभराव की समस्या का उल्लेख करते हुए बर्बाद फसलों का उचित मुआवजा दिलाने और जलनिकासी की समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की है। प्रार्थना पत्र पर ग्रामीणों के हस्ताक्षर भी मौजूद हैं। #highlightseveryone #paliakalankheri #नीमगाँव #लखीमपुर #followers #highlights #news