
25 हजार का इनामी गौकशी का आरोपी पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार, पैर में लगी गोली
अवैध तमंचा, कारतूस और मोटरसाइकिल बरामद, गौकशी के मुकदमे में चल रहा था वांछित
अमरोहा। गौकशी के मुकदमे में वांछित 25 हजार रुपये के इनामी आरोपी को अमरोहा नगर पुलिस ने सोमवार को पुलिस मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ में आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी है। पुलिस ने उसके कब्जे से एक अवैध तमंचा 315 बोर, एक जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद की है। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार, सोमवार को प्रभारी निरीक्षक चंद्र प्रकाश शुक्ल पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में शांति व्यवस्था, रात्रि गश्त और संदिग्ध व्यक्तियों व वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान सूचना मिली कि सात नवंबर की रात हुई गौकशी की घटना में नामजद आठ आरोपियों में शामिल वांछित मौहसिन पुत्र शरीफ निवासी मोहल्ला लकड़ा, अमरोहा नगर, अकबरपुर पट्टी से वासुदेव मंदिर की ओर जाने वाले जटीवन रास्ते से गुजरने वाला है। सूचना पर पुलिस टीम ने बताए गए रास्ते पर घेराबंदी कर चेकिंग शुरू कर दी।
इसी दौरान एक मोटरसाइकिल सवार संदिग्ध आता दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया तो वह मोटरसाइकिल मोड़कर भागने लगा। इसी बीच मोटरसाइकिल फिसलकर गिर गई। आरोप है कि इसके बाद आरोपी ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से तमंचे से फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली आरोपी के दाहिने पैर में लग गई। पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया।
पकड़ा गया आरोपी थाना अमरोहा नगर में दर्ज मुकदमा संख्या 401/2026, धारा 3/5/8 गोवध निवारण अधिनियम में वांछित चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ वर्ष 2014 में नौगावां सादात थाने में वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत भी मुकदमा दर्ज है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक चंद्र प्रकाश शुक्ल, वरिष्ठ उपनिरीक्षक सलीम अहमद, उपनिरीक्षक संजीव राठी, सुभाष बालियान समेत दस पुलिसकर्मी शामिल रहे।
Amroha UP Police