
रूरा में लगातार चोरी की घटनाओं से बढ़ी चिंता, राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला ने एसपी से की मुलाकात
कानपुर देहात। रूरा थाना क्षेत्र में लगातार सामने आ रही चोरी की घटनाओं को लेकर सोमवार को राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर अधिकारियों से चर्चा की। उनके साथ क्षेत्र के व्यापारी और भाजपा कार्यकर्ता भी मौजूद रहे। व्यापारियों ने चोरी की सात घटनाओं से संबंधित शिकायतें एसपी को सौंपते हुए पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाए।
व्यापारियों का आरोप है कि कई मामलों में अब तक मुकदमा दर्ज नहीं किया गया। उनका कहना है कि 15 अगस्त को माइनॉरिटियों में चोरी की घटना के बाद भी रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई। वहीं 16 अगस्त को महेंद्र पाल के घर का ताला तोड़ते समय संदिग्ध को ग्रामीणों ने पकड़कर पुलिस के हवाले किया था। व्यापारियों का आरोप है कि कुछ देर थाने में रखने के बाद उसे छोड़ दिया गया।
व्यापारियों ने बताया कि सिमरामऊ में केशव मिश्र के ट्यूबवेल, अमरनाथ के घर और नहर पुल के पास भी चोरी की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। सबसे गंभीर मामला थाने से कुछ दूरी पर एक शिक्षक के घर दिनदहाड़े लाखों रुपये की नकदी और जेवरात चोरी होने का बताया गया। व्यापारियों के मुताबिक करीब 30 लाख रुपये की इस चोरी का एक सप्ताह बाद भी खुलासा नहीं हो सका है।
करीब 50 लोगों के साथ एसपी कार्यालय पहुंचीं राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला ने चोरी की घटनाओं को लेकर पुलिस अधिकारियों से चर्चा की। उन्होंने कहा कि रूरा में लगातार चोरी की घटनाएं सामने आ रही हैं, जिसके चलते उन्हें एसपी के पास आना पड़ा। उन्होंने यह भी बताया कि थाना प्रभारी और कस्बा चौकी प्रभारी को लेकर भी लोगों ने शिकायतें की हैं।
बैठक के दौरान करीब डेढ़ घंटे तक चोरी की घटनाओं और पुलिस कार्रवाई को लेकर चर्चा हुई। एसपी ने मामले में दूसरी टीम लगाकर कार्रवाई कराने का आश्वासन दिया। अब क्षेत्र के लोगों की नजर पुलिस की कार्रवाई और लंबित चोरी की घटनाओं के खुलासे पर है।