
दुखद : नैनीताल के जिला सूचना अधिकारी गिरिजाशंकर जोशी नहीं रहे
नैनीताल। नैनीताल के जिला सूचना अधिकारी गिरिजाशंकर जोशी के निधन की दुखद खबर सामने आई है। जानकारी के अनुसार गिरिजाशंकर जोशी (52) का शनिवार को हृदयगति रुकने से निधन हो गया। तबीयत बिगड़ने पर परिजन उन्हें हल्द्वानी के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां उपचार के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली। गिरिजा शंकर जोशी ने चम्पावत समेत उत्तराखंड के कई जिलों में जिला सूचना अधिकारी के रूप में सेवाएं दी थीं। अपने मिलनसार स्वभाव, सरल व्यवहार और कर्मठ कार्यशैली के चलते वे पत्रकारों और अधिकारियों के बीच लोकप्रिय रहे। वे अपने पीछे पत्नी और दो बच्चों समेत भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं।
उनके निधन से पत्रकारिता एवं सूचना विभाग से जुड़े अधिकारियों-कर्मचारियों तथा स्थानीय मीडिया जगत में शोक की लहर है। गिरिजाशंकर जोशी अपने सहज, सरल एवं मिलनसार व्यवहार के लिए जाने जाते थे। सूचना विभाग में अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए उन्होंने प्रशासन और मीडिया के बीच समन्वय स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके निधन की खबर से जिले के पत्रकारों, अधिकारियों एवं शुभचिंतकों में गहरा दुख है। विभिन्न लोगों ने शोक व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोकाकुल परिजनों को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है।
चम्पावत खबर परिवार की ओर से दिवंगत आत्मा को भावपूर्ण श्रद्धांजलि। ईश्वर पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और शोक संतप्त परिवार को यह दुःख सहने की शक्ति प्रदान करें।