कोचस नगर पंचायत कार्यालय के सभाकक्ष में शुक्रवार को मुख्य पार्षद शबनम परवीन की अध्यक्षता में सशक्त स्थायी समिति की बैठक में शहर के विकास और अतिक्रमण जैसे अहम मुद्दों पर चर्चा हुई। बैठक में नगर प्रशासन और पुलिस पर मुख्य सड़कों से अतिक्रमण नहीं हटाने का आरोप लगा। सदस्यों ने कहा कि नगर प्रशासन और स्थानीय पुलिस की निष्क्रियता के कारण शहर से गुजरने वाले एनएच-319 और स्टेट हाईवे-17 पर लगातार सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं। सदन में उठे मुद्दे पर मुख्य पार्षद ने नगर प्रशासन को एक सप्ताह के भीतर दोनों प्रमुख मार्गों को अतिक्रमण मुक्त कराने का निर्देश दिया। साथ ही इस मुद्दे पर व्यापक रणनीति बनाने के लिए मंगलवार को प्रखंड कार्यालय के सभाकक्ष में नगर एवं प्रखंड स्तरीय अधिकारियों की संयुक्त बैठक करने का निर्णय लिया गया है।