
सिरसा में दुकान से 50 लाख की नशीली दवाएं बरामद, तीन युवक गिरफ्तार
- ट्रामाडोल की 97,170 गोलियां और प्रेगाबालिन के 2,985 कैप्सूल मिले
सिरसा।
मेडिकल नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए सीआईए सिरसा की टीम ने अनाज मंडी क्षेत्र में कबीर चौक के पास एक दुकान से 1,00,155 नशीली गोलियां और कैप्सूल बरामद किए हैं। पुलिस ने मौके से तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। बरामद दवाओं की कीमत करीब 50 लाख रुपये बताई गई है। एसपी दीपक सहारन ने बताया कि सीआईए प्रभारी इंस्पेक्टर रविंद्र सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम अनाज मंडी क्षेत्र में मौजूद थी। इसी दौरान सूचना मिली कि कबीर चौक के पास तीन युवक नशीली दवाएं बेचने की फिराक में हैं। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर उन्हें काबू किया और तलाशी के दौरान भारी मात्रा में नशीली दवाएं बरामद कीं। बरामद दवाओं में ट्रामाडोल की 97,170 गोलियां और प्रेगाबालिन के 2,985 कैप्सूल शामिल हैं। गिरफ्तार युवकों की पहचान सुनील कुमार निवासी एकता नगर, हाल शमशाबाद पट्टी सिरसा, अजय कुमार निवासी एकता नगर सिरसा और सागर कुमार निवासी इंद्रपुरी मोहल्ला सिरसा के रूप में हुई है। एसपी ने बताया कि दवाओं की जांच और नियमानुसार कार्रवाई के लिए ड्रग्स इंस्पेक्टर सुनील कुमार को मौके पर बुलाया गया। उन्होंने कहा कि मेडिकल नशे के अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
Sirsa, Sirsa | Oct 19, 2026