
TVK को चुनाव आयोग से राज्य स्तरीय पार्टी का दर्जा, ‘सीटी’ चुनाव चिन्ह हुआ आरक्षित
तमिलनाडु में 108 सीटों पर जीत और 34.92 फीसदी वोट का मिला लाभ, पुडुचेरी में भी मिली मान्यता
चेन्नई। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय के नेतृत्व वाली तमिलगा वेत्री कषगम (TVK) को भारत निर्वाचन आयोग ने तमिलनाडु में मान्यता प्राप्त राज्य स्तरीय राजनीतिक दल का दर्जा दे दिया है। आयोग ने पार्टी के लिए ‘सीटी (Whistle)’ चुनाव चिन्ह भी आरक्षित कर दिया है। चुनाव आयोग का यह फैसला TVK के 2026 के विधानसभा चुनाव में प्रदर्शन के आधार पर लिया गया है। आयोग के अनुसार पार्टी ने निर्धारित मानदंडों को पूरा किया है।
2026 के विधानसभा चुनाव में TVK ने तमिलनाडु की 234 सदस्यीय विधानसभा में 108 सीटें जीतकर सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरने के साथ 34.92 प्रतिशत वोट हासिल किए। चुनाव आयोग ने तमिलनाडु के साथ केंद्रशासित प्रदेश पुडुचेरी में भी TVK को राज्य स्तरीय पार्टी के रूप में मान्यता दी है। दोनों क्षेत्रों में पार्टी के लिए ‘Whistle’ चुनाव चिन्ह आरक्षित किया गया है। यह TVK के लिए महत्वपूर्ण राजनीतिक उपलब्धि मानी जा रही है। अभिनेता से राजनेता बने विजय ने 2024 में पार्टी की स्थापना की थी और 2026 में पहली बार विधानसभा चुनाव लड़ा। चुनाव आयोग के निर्णय के बाद पार्टी को अब मान्यता प्राप्त राज्य दल के रूप में चुनावी और संगठनात्मक स्तर पर कई लाभ मिलेंगे।