
ग्रेटर फरीदाबाद को वास्तव में ‘ग्रेटर’ बनाने के लिए मंत्री राजेश नागर को ज्ञापन...
ग्रेटर फरीदाबाद में आबादी के अनुरूप मूलभूत सुविधाएं और योजनाबद्ध विकास सुनिश्चित करने की मांग को लेकर कन्फेडरेशन RWA ग्रेटर फरीदाबाद के प्रतिनिधियों ने मंत्री राजेश नागर से मुलाकात की। प्रतिनिधियों ने विभागों के बीच बेहतर समन्वय, स्पष्ट जवाबदेही और विकास कार्यों में पारदर्शिता की जरूरत बताई।
कन्फेडरेशन के प्रेसिडेंट विजय भारद्वाज और चेयरमैन निर्मल कुलश्रेष्ठ ने कहा कि क्षेत्र में लगभग दो लाख निवासी रहते हैं, लेकिन विभागीय समन्वय की कमी से समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं हो पा रहा है। उन्होंने नगर निगम, एफएमडीए और एचएसवीपी के बीच एक स्पष्ट नोडल अथॉरिटी तय करने की मांग रखी।
प्रतिनिधियों ने हाईराइज सोसाइटियों के निवासियों से लिए जा रहे प्रॉपर्टी टैक्स की समीक्षा कर उसे उचित और तर्कसंगत बनाने का आग्रह किया। इसके अलावा क्षेत्र में बड़ा सिटी पार्क और ऊंची इमारतों में आग बुझाने के लिए हाइड्रोलिक मशीनों से सुसज्जित अलग फायर स्टेशन बनाने की मांग की।
मंत्री राजेश नागर ने कहा कि वह इन समस्याओं से अवगत हैं और समाधान के लिए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, संबंधित मंत्रियों तथा विभागों के संपर्क में हैं। उन्होंने प्रतिनिधियों का ज्ञापन आगे की कार्रवाई के लिए भेजने का आश्वासन दिया। नागर ने कहा कि ग्रेटर फरीदाबाद और तिगांव विधानसभा का विकास सभी का साझा लक्ष्य है।
मुलाकात के दौरान निशांत रस्तोगी, ओपी तंवर, अंशुमान कौशिक, एचएल छाबड़ा, रमेश चुग, महेश शर्मा, राजीव सचदेवा, मोहित खन्ना, पंकज ग्रोवर, गुरतीत गांधी और विनोद मेहंदीरत्ता सहित अन्य प्रतिनिधि मौजूद रहे।