
सारण में उपभोक्ता संरक्षण व्यवस्था को और प्रभावी बनाने पर जोर, जिला उपभोक्ता संरक्षण परिषद की बैठक संपन्न
#छपरा: उपभोक्ताओं के अधिकारों की सुरक्षा, शिकायतों के त्वरित निस्तारण तथा उपभोक्ता संरक्षण अधिनियम के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर मंगलवार को समाहरणालय सभागार में जिला उपभोक्ता संरक्षण परिषद की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने की।
बैठक में परिषद के सदस्यों ने आमजन के बीच उपभोक्ता अधिकारों के प्रति व्यापक जागरूकता अभियान चलाने की आवश्यकता पर बल दिया। साथ ही सुझाव दिया गया कि विभिन्न विभागों के माध्यम से प्रचार-प्रसार कर लोगों को उनके अधिकारों एवं शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया की जानकारी दी जाए।
इस दौरान जिला उपभोक्ता विवाद प्रतितोष आयोग के अध्यक्ष ने आयोग द्वारा पारित आदेशों के समयबद्ध अनुपालन पर जोर देते हुए कहा कि संबंधित विभागों और संस्थानों को आदेशों का गंभीरता से पालन करना चाहिए, ताकि उपभोक्ताओं को शीघ्र न्याय मिल सके।
जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिया कि उपभोक्ता संरक्षण से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता और तत्परता के साथ कार्रवाई सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट कहा कि आयोग के आदेशों के अनुपालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। साथ ही विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने और नियमित जन-जागरूकता कार्यक्रम चलाने के भी निर्देश दिए।
बैठक में मौजूद सभी अधिकारियों एवं परिषद के सदस्यों ने उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा तथा शिकायतों के त्वरित और प्रभावी समाधान के लिए समन्वित रूप से कार्य करने का संकल्प लिया।
#Saran #Chhapra #ConsumerProtection #ConsumerRights #DistrictAdministration #Bihar #KaawKaawNews
Chapra, Saran | Jul 29, 2026