
17 दिन से लापता बालिका का नहीं लगा सुराग, लोगों ने पुलिस थाने के बाहर शुरू किया अनिश्चितकालीन धरना
ओसियां। उपखंड क्षेत्र के एक गांव से 17 दिन पहले लापता हुई एक बालिका का अब तक कोई सुराग नहीं लगने से लोगों में भारी नाराजगी है। शनिवार को सैन समाज सहित विभिन्न समाजों के लोगों ने विरोध प्रदर्शन करते हुए पुलिस प्रशासन के खिलाफ अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया। लोगों का कहना है कि पुलिस मामले में तेजी से कार्रवाई नहीं कर रही है, जिससे इतने दिन बीतने के बाद भी बालिका का पता नहीं चल पाया है।
शनिवार सुबह बड़ी संख्या में समाज के लोग ओसियां पुलिस थाने के सामने एकत्रित हुए। इसके बाद सभी ने बाजार में रैली निकाली और नारेबाजी करते हुए एसडीएम कार्यालय पहुंचे। वहां प्रदर्शन कर प्रशासन से बालिका को जल्द से जल्द खोजने की मांग की गई। सूचना मिलने पर एसडीएम और पुलिस वृत्ताधिकारी हनुमान सिंह राठौड़ मौके पर पहुंचे और समाज के लोगों से बातचीत की।
समाज के प्रतिनिधियों ने अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर मामले में जल्द कार्रवाई करने और बालिका की सुरक्षित बरामदगी की मांग की। इसके बाद प्रदर्शनकारी फिर से पुलिस थाने पहुंचे और वहां टेंट लगाकर धरने पर बैठ गए। इस दौरान पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी भी की गई।
धरने पर बैठे लोगों का कहना है कि बालिका को लापता हुए 17 दिन हो चुके हैं, लेकिन अभी तक पुलिस के हाथ कोई ठोस सुराग नहीं लगा है। इससे परिवार और समाज के लोगों की चिंता लगातार बढ़ रही है। लोगों ने आरोप लगाया कि यदि पुलिस शुरू से तेजी से कार्रवाई करती तो अब तक बालिका का पता लगाया जा सकता था।
गौरतलब है कि इससे पहले भी मंगलवार को समाज के लोगों ने ओसियां थाने का घेराव कर विरोध जताया था। उस समय पुलिस प्रशासन को 6 जून तक बालिका को खोजने का अल्टीमेटम दिया गया था। लेकिन तय समय बीतने के बाद भी कोई संतोषजनक परिणाम सामने नहीं आने पर शनिवार से अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जोधपुर ग्रामीण पुलिस अधीक्षक पीडी नित्या के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भोपालसिंह लखावत, खेड़ापा थानाधिकारी लाखाराम चौधरी, चामू थानाधिकारी हनुमानराम विश्नोई, महिला थाना प्रभारी विजयश्री सहित अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर तैनात किया गया। अधिकारियों ने लोगों को भरोसा दिलाया कि बालिका की जल्द तलाश कर ली जाएगी और जांच में तेजी लाई जा रही है।
थानाधिकारी राजेंद्र चौधरी ने बताया कि बालिका घर से परीक्षा देने की बात कहकर निकली थी, लेकिन उसके बाद वापस नहीं लौटी। पुलिस ने गुमशुदगी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं, पूर्व विधायक भैराराम सियोल ने भी मामले की निगरानी कर न्याय दिलाने का भरोसा दिया है। विरोध के समर्थन में क्षौरकार समाज के लोगों ने अपने प्रतिष्ठान भी बंद रखे।