
नगर पालिका निगम मुरैना एवं आईटीएम विश्वविद्यालय की संयुक्त पहल
युवा कौशल विकास केन्द्र में प्रतियोगी परीक्षाओं हेतु इंटीग्रेटेड फाउंडेशन कोर्स के लिए पंजीयन 3 अगस्त से
जिले के युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की गुणवत्तापूर्ण एवं व्यवस्थित तैयारी उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नगर पालिका निगम मुरैना एवं आईटीएम विश्वविद्यालय, ग्वालियर के संयुक्त तत्वावधान में संचालित युवा कौशल विकास केन्द्र, वीआईपी रोड, मुरैना में इंटीग्रेटेड फाउंडेशन कोर्स के लिए पंजीयन 3 अगस्त से प्रारंभ किए जाएंगे। यह पहल कलेक्टर मुरैना श्री लोकेश कुमार जांगिड़ के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में प्रारंभ की गई है।
कलेक्टर श्री जांगिड़ के मार्गदर्शन में संचालित इस पहल का उद्देश्य जिले के युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए गुणवत्तापूर्ण अध्ययन सामग्री, अनुभवी शिक्षकों का मार्गदर्शन तथा नियमित मूल्यांकन उपलब्ध कराकर उन्हें विभिन्न शासकीय सेवाओं में चयन हेतु सक्षम बनाना है। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम नगर पालिका निगम मुरैना के आयुक्त श्री सतेंद्र सिंह धाकरे तथा आईटीएम विश्वविद्यालय, ग्वालियर के सहयोग से संचालित किया जाएगा।
कोर्स हेतु पंजीयन 3 अगस्त से 14 अगस्त 2026 तक किया जाएगा। इच्छुक अभ्यर्थी निर्धारित अवधि में कार्यालयीन समय के दौरान युवा कौशल विकास केन्द्र, वीआईपी रोड, मुरैना में उपस्थित होकर अपना पंजीयन करा सकते हैं। प्रथम चरण में एसएससी जीडी, आर्मी अग्निवीर, रेलवे ग्रुप-डी, मध्यप्रदेश पुलिस आरक्षक और प्राथमिक शिक्षक वर्ग-3 के लिए तैयारी कराई जाएगी।
युवा कौशल विकास केन्द्र के प्रभारी श्री के.डी. शर्मा ने बताया कि केन्द्र पर नियमित ऑफलाइन कक्षाओं का संचालन किया जाएगा। विद्यार्थियों को आईटीएम विश्वविद्यालय, ग्वालियर के अनुभवी एवं विशेषज्ञ संकाय सदस्यों द्वारा विषयवार अध्यापन, प्रतियोगी परीक्षाओं पर आधारित मार्गदर्शन, मासिक टेस्ट श्रृंखला, अभ्यास प्रश्नों तथा समय-समय पर मूल्यांकन के माध्यम से गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। उन्होंने बताया कि केन्द्र में विद्यार्थियों को अनुशासित, सकारात्मक एवं परिणामोन्मुख शिक्षण वातावरण उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे वे प्रतियोगी परीक्षाओं में बेहतर प्रदर्शन कर सकें। साथ ही आगामी चरणों में अन्य प्रमुख प्रतियोगी परीक्षाओं को भी प्रशिक्षण कार्यक्रम में शामिल किया जाएगा। जिले के इच्छुक युवाओं से निर्धारित अवधि में पंजीयन कर इस अवसर का लाभ उठाने की अपील की गई है।
#morena2026 #Morena #JansamparkMP Jansampark Madhya Pradesh