
शनिवार,04 जुलाई 2026 को
जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त श्री मनीष कुमार की अध्यक्षता में उपायुक्त प्रकोष्ठी में शिक्षा का अधिकार अधिनियम (RTE) से संबंधित समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में आरटीई के तहत निजी विद्यालयों में नामांकन की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने आरटीई के तहत विभिन्न विद्यालयों में शेष रिक्त सीटों की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने निर्देश दिया कि रिक्त सीटों पर पात्र बच्चों के नामांकन हेतु शीघ्र पुनः विज्ञापन प्रकाशित किया जाए।
बैठक में यह भी समीक्षा की गई कि चयनित होने के बावजूद जिन बच्चों का अब तक संबंधित विद्यालयों में नामांकन नहीं हो पाया है, उनका नामांकन प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र सुनिश्चित किया जाए।
उपायुक्त ने कहा कि शिक्षा का अधिकार अधिनियम का उद्देश्य प्रत्येक पात्र बच्चे को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि नामांकन प्रक्रिया की नियमित मॉनिटरिंग करते हुए यह सुनिश्चित करें कि कोई भी पात्र बच्चा आरटीई के लाभ से वंचित न रहे।
बैठक में मुख्य रूप से उप विकास आयुक्त, प्रशिक्षु आईएएस, जिला शिक्षा अधीक्षक सहित शिक्षा विभाग के अन्य कर्मी मुख्य रूप से उपस्थित रहे।