
गोंडा के नवाबगंज में बिजली विभाग का एक हैरान करने वाला फर्जीवाड़ा सामने आया है, जहां एक ही व्यक्ति दो अलग-अलग विद्युत उपकेंद्रों पर अलग-अलग पदों पर कार्य करते हुए दोनों जगह से वेतन उठा रहा है। इस संबंध में नवाबगंज गिर्द के रहने वाले प्रवीण कुमार ने मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराकर मामले की जांच और सख्त कार्रवाई की मांग की है। शिकायतकर्ता के मुताबिक, विक्रांत वर्मा नाम का व्यक्ति वजीरगंज विद्युत उपकेंद्र पर लाइनमैन के पद पर तैनात है और वहां से अपना वेतन ले रहा है, जबकि वही व्यक्ति नवाबगंज उपकेंद्र में मीटर रीडर के रूप में विद्युत बिलिंग का काम भी कर रहा है और वहां से भी पैसे ले रहा है। मुख्यमंत्री पोर्टल पर भेजी गई शिकायत में सिर्फ इस एक मामले का जिक्र नहीं है, बल्कि यह भी आरोप लगाया गया है कि नवाबगंज उपकेंद्र पर कुछ अन्य लाइनमैन भी दूसरे लोगों के नाम पर फर्जी आईडी बनाकर बिलिंग का कार्य धड़ल्ले से कर रहे हैं और इसके एवज में भुगतान प्राप्त कर रहे हैं। इस पूरे खेल में बिलिंग एजेंसी के सुपरवाइजर की भूमिका पर भी गंभीर सवाल उठाए गए हैं और उस पर आरोप है कि वह इस फर्जी बिलिंग को बढ़ावा देकर रीडरों से मोटा कमीशन वसूल रहा है।अब सवाल ये है की कमीशन का हिस्सा अगर नीचे से ऊपर नहीं जा रहा तो ये गड़बड़झाला किसकी मेहरबानी से।
Gonda, Gonda | Sep 12, 2026