
नगरपालिका आम चुनाव:
राजकीय महाविद्यालय संगरिया से होगी मतदान दलों की रवानगी
संगरिया की आवाज़।
व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश
संगरिया। नगरपालिका आम चुनाव की आधिकारिक घोषणा के साथ ही प्रशासनिक तैयारियां तेज कर दी गई हैं। नगर पालिका सदस्यों का चुनाव 9 सितंबर को होना निर्धारित हैं। मतदान कार्य के लिए मतदान दलों का प्रशिक्षण एवं रवानगी शहर के राजकीय महाविद्यालय से होगा।
रिटर्निंग अधिकारी एवं उपखंड अधिकारी जय कौशिक ने शुक्रवार को राजकीय महाविद्यालय का निरीक्षण कर मतदान दलों की रवानगी स्थल और प्रशिक्षण व्यवस्था का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मतदान दलों के प्रशिक्षण हेतु निर्धारित स्थान पर बैठने, कार्मिकों की उपस्थिति, ईवीएम वितरण, मतदान के लिए सामग्री वितरण, पेयजल एवं आवश्यक मूलभूत सुविधाएं और पार्किंग संबंधी व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने बताया कि 8 सितंबर को मतदान दलों का प्रशिक्षण पूर्ण होने के बाद मतदान केंद्रों के लिए मतदान दलों की रवानगी होगी। नगरपालिका के 35 वार्डों के लिए 35 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। निरीक्षण के दौरान सहायक निर्वाचन अधिकारी एवं तहसीलदार मोनिका बंसल, चुनाव शाखा प्रभारी भरत सांवरिया मौजूद रहे। वहीं मतदान केंद्रों पर आवश्यक मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने के लिए सहायक रिटर्निंग अधिकारी एवं तहसीलदार तथा सहायक प्रशासनिक अधिकारी अरविंद खन्ना ने शुक्रवार को मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया।