
एक ही खेत में 20 माह में दो भाइयों की करंट से मौत, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
तिंवरी। तिंवरी तहसील के गगाड़ी गांव में एक ही खेत में 20 माह के भीतर दो सगे भाइयों की करंट लगने से मौत हो जाने से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। रविवार को खेत में कृषि कार्य के दौरान करंट की चपेट में आने से 37 वर्षीय किसान नरेंद्र की मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार गगाड़ी निवासी नरेंद्र पुत्र मांगीलाल अपने खेत में काम कर रहा था। इसी दौरान वह अचानक विद्युत करंट की चपेट में आ गया। परिजन उसे गंभीर अवस्था में उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलने पर तिंवरी चौकी प्रभारी रूपाराम चौधरी पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया।
ग्रामीणों और परिजनों ने बताया कि इससे पहले 15 अक्टूबर 2024 को नरेंद्र के छोटे भाई राजू की भी इसी खेत में करंट लगने से मौत हो गई थी। एक ही खेत में 20 माह के अंतराल में दो सगे भाइयों की मौत होने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। गांव में मातम का माहौल है और लोग इस दर्दनाक संयोग से स्तब्ध हैं।
पुलिस ने मामला दर्ज कर करंट लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी है।