द्रगं में सड़क पूरी तरह धंसी, घरों को भी नुकसान; लोगों को खाली करने पड़े आशियाने
कुल्लू/द्रगं: लगातार हो रही बारिश के बीच द्रगं क्षेत्र में हालात बेहद चिंताजनक बने हुए हैं। यहां सड़क का एक बड़ा हिस्सा पूरी तरह धंस चुका है, जिससे आसपास के लोगों के घरों को भी नुकसान पहुंचा है। स्थिति इतनी गंभीर हो गई है कि कई परिवारों को अपने आशियाने खाली करने पड़ रहे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क निर्माण कार्य में यदि गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों का पूरी तरह ध्यान रखा गया होता, तो आज उन्हें इस तरह की भयावह स्थिति का सामना नहीं करना पड़ता। लोगों ने निर्माण कार्य करने वाली गावर कंपनी पर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि काम मजबूत और सही तरीके से किया गया होता, तो सड़क धंसने से उनके घरों पर संकट नहीं आता।
लोगों का आरोप है कि निर्माण कार्य के दौरान संभावित भूस्खलन और बारिश से होने वाले खतरे को गंभीरता से नहीं लिया गया। अब लगातार बारिश के बाद सड़क के धंसने से आसपास की जमीन भी खिसकने लगी है, जिससे कई मकानों की सुरक्षा पर खतरा मंडरा रहा है।
प्रभावित परिवारों का कहना है कि वर्षों की मेहनत से बनाए गए उनके घर आज खतरे की जद में हैं और उन्हें मजबूरन अपने आशियाने छोड़ने पड़ रहे हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से मौके का तुरंत निरीक्षण करने, प्रभावित परिवारों को राहत और सुरक्षित स्थान उपलब्ध करवाने तथा सड़क निर्माण कार्य की गुणवत्ता की जांच करने की मांग की है।
अब बड़ा सवाल यह है कि आखिर इस नुकसान की जिम्मेदारी कौन लेगा?
क्या सड़क निर्माण में किसी स्तर पर लापरवाही हुई और अगर हुई तो प्रभावित लोगों को हुए नुकसान की भरपाई कौन करेगा? द्रगं के लोग अब इन सवालों के जवाब और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
#Kullu #KulluNews #Drang #HimachalNews #RoadCollapse #HeavyRain #RainDisaster #GawarCompany #BreakingNews #ABNNews #ABNNewsKullu #HimachalPradesh #LocalNews #GroundReport #WeatherAlert