
मोरनी-बड़ियाल रोड पर दीवार गिरने से पांच दिन से रास्ता बंद, ग्रामीणों में रोष
मोरनी। मोरनी-बड़ियाल रोड पर दीवार गिरने के कारण पिछले पांच दिनों से गांव का रास्ता बंद पड़ा है। इससे ग्रामीणों को आने-जाने में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों और पंचायत प्रतिनिधियों ने घटना के दिन ही लोक निर्माण विभाग को इसकी सूचना दे दी थी, लेकिन पांच दिन बीत जाने के बावजूद विभाग की ओर से मौके का निरीक्षण करने के लिए अधिकारी तो दूर, जूनियर इंजीनियर (जेई) तक नहीं पहुंचे।
जिला परिषद सदस्य रोमा राणा ने मामले पर चिंता जताते हुए कहा कि ग्रामीणों को अपने घरों से बाहर निकलने और वापस आने में परेशानी हो रही है। ऐसी स्थिति में लोक निर्माण विभाग द्वारा मौके का निरीक्षण तक नहीं करना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।
रोमा राणा ने कहा कि ग्रामीण पिछले करीब एक वर्ष से इस दीवार को दुरुस्त करवाने की लगातार मांग कर रहे हैं, लेकिन विभाग स्थानीय लोगों की समस्या पर ध्यान नहीं दे रहा। उन्होंने आरोप लगाया कि कई स्थानों पर जहां छोटी रिटेनिंग वॉल की जरूरत थी, वहां बड़े-बड़े रिटेनिंग वॉल (डंगे) बना दिए गए, जबकि जिन स्थानों पर ग्रामीणों को वास्तविक सुविधा की आवश्यकता है, वहां सुनवाई नहीं हो रही।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द रास्ता खुलवाने और दीवार की समस्या का समाधान नहीं किया गया तो वे लोक निर्माण विभाग के खिलाफ सड़क पर उतरकर रोष प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे।
#सच्ची_खबर_सटीक_विश्लेषण