
सांसद सतीश गौतम के नाम से फर्जी इंस्टाग्राम अकाउंट, महिलाओं को फॉलो कर वीडियो किए रीपोस्ट; एफआईआर दर्ज
अलीगढ़। भाजपा सांसद सतीश गौतम के नाम और पहचान का इस्तेमाल कर फर्जी इंस्टाग्राम अकाउंट चलाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि इस अकाउंट से महिला यूजर्स को फॉलो करने के साथ ही उनके वीडियो रीपोस्ट किए जा रहे थे। मामला सामने आने के बाद भाजपा जिला मंत्री मुकेश लोधी ने सात सितंबर को एसएसपी नीरज जादौन से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की। शिकायत में आरोप लगाया गया कि अज्ञात व्यक्ति सांसद की पहचान का इस्तेमाल कर फर्जी प्रोफाइल संचालित कर रहा है। इससे सांसद की सामाजिक और राजनीतिक छवि प्रभावित होने की आशंका जताई गई। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी ने क्वार्सी पुलिस को कार्रवाई के निर्देश दिए। क्वार्सी थाने के इंस्पेक्टर अरुण कुमार ने आईटी एक्ट समेत अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। सीओ तृतीय सर्वम सिंह ने बताया कि संबंधित इंस्टाग्राम अकाउंट फिलहाल बंद है। मामले की जांच के लिए पुलिस टीम गठित की गई है, जिसमें साइबर सेल के विशेषज्ञ भी शामिल हैं। पुलिस आईपी एड्रेस के जरिए फर्जी अकाउंट संचालित करने वाले व्यक्ति की पहचान करने में जुटी है।
Koil, Aligarh | Sep 10, 2026