
दीपावली के बाद पहाड़ी कस्बे में छाया कोहरा, ठंड ने दी दस्तक
चित्रकूट। जिले के पहाड़ी कस्बे में दीपावली के बाद मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। सोमवार की सुबह कस्बे सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में कोहरा छाया नजर आया। कोहरे के साथ ही अब ठंड ने भी धीरे-धीरे दस्तक देना शुरू कर दिया है। स्थानीय लोगों के अनुसार दीपावली के बाद आज पहली बार सुबह के समय कोहरे का प्रभाव देखने को मिला है।
सुबह-सुबह आसमान में धुंध छाने से मौसम का मिजाज बदला हुआ नजर आया। ग्रामीण इलाकों में खेतों और सड़कों के आसपास कोहरे की चादर दिखाई दी। वहीं सुबह घरों से बाहर निकलने वाले लोगों को मौसम में ठंडक का एहसास हुआ। अब आने वाले दिनों में तापमान में गिरावट के साथ ठंड बढ़ने की संभावना जताई जा रही है।
कोहरे के आगमन के साथ ही सर्दी के मौसम की शुरुआत का एहसास होने लगा है। सुबह और शाम के समय ठंड का असर अधिक देखने को मिल सकता है। ऐसे में लोगों को गर्म कपड़ों का सहारा लेना पड़ सकता है।
दीपावली के बाद पहाड़ी कस्बे में कोहरे का यह पहला दिन मौसम में बदलाव का संकेत दे रहा है। आने वाले दिनों में कोहरा और ठंड बढ़ने से जनजीवन पर भी इसका असर देखने को मिल सकता है।