
बिहार सरकार
समाहरणालय, अरवल
(जिला जनसंपर्क कार्यालय)
प्रेस विज्ञप्ति
अरवल, दिनांक : 01 जुलाई, 2026
राष्ट्रीय पेंचक सिलाट प्रतियोगिता में अरवल के खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन, पदक विजेताओं को जिला प्रशासन ने किया सम्मानित
महाराष्ट्र के नासिक में दिनांक 25 जून, 2026 से 28 जून, 2026 तक आयोजित 14वीं जूनियर एवं सब-जूनियर राष्ट्रीय पेंचक सिलाट चैंपियनशिप में बिहार टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए अरवल जिले के कुल 12 खिलाड़ियों ने प्रतिभागिता की। प्रतियोगिता में जिले के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए एक स्वर्ण एवं तीन कांस्य पदक अर्जित कर अरवल तथा बिहार का नाम गौरवान्वित किया।
प्रतियोगिता में सुप्रिया राज ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक (Gold Medal) अपने नाम किया। वहीं साक्षी राज, जिज्ञासा चंद्रा एवं गौरव कुमार ने उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक (Bronze Medal) प्राप्त किया।
राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को जिला पदाधिकारी, अरवल श्रीमती अमृषा बैंस, उप विकास आयुक्त श्री शैलेश कुमार तथा जिला खेल पदाधिकारी श्री रितेश कुमार द्वारा सम्मानित किया गया। इस अवसर पर खिलाड़ियों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हुए निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया गया।
सम्मान समारोह के दौरान जिला पदाधिकारी ने कहा कि यह पूरे अरवल जिले के लिए अत्यंत गौरव का विषय है कि यहां के खिलाड़ी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए लगातार पदक अर्जित कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जिले के बालक एवं बालिकाएं खेलों के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को प्राप्त कर रहे हैं, जो अन्य खिलाड़ियों के लिए भी प्रेरणास्रोत हैं।
उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन, अरवल खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, आवश्यक संसाधन एवं प्रोत्साहन उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है तथा भविष्य में भी प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को हरसंभव सहयोग प्रदान किया जाएगा, ताकि वे राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में जिले, राज्य एवं देश का नाम और अधिक गौरवान्वित कर सकें।
इस अवसर पर उपस्थित पदाधिकारियों ने सभी खिलाड़ियों एवं उनके प्रशिक्षकों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले समय में अरवल के खिलाड़ी खेल जगत में नई उपलब्धियां हासिल करेंगे।
Arwal, Bihar | Jul 1, 2026