
स्वतंत्रता दिवस पर हाजीपुर में सजी देशभक्ति की सांस्कृतिक संध्या
15 अगस्त 2026 के अवसर पर बिहार शिक्षा परियोजना, वैशाली के तत्वावधान में बिहार सुधारात्मक प्रशासनिक संस्थान (BICA), हाजीपुर में जिला स्तरीय सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन जिला पदाधिकारी वर्षा सिंह ने किया।
कार्यक्रम में जिले के 15 विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता, सामाजिक समरसता और भारतीय संस्कृति पर आधारित मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। बच्चों के साथ शिक्षक-शिक्षिकाओं ने भी देशभक्ति गीत प्रस्तुत कर माहौल को राष्ट्रभक्ति से भर दिया।
‘वसुधैव कुटुम्बकम्’, ‘जय तू जय भारतम्’, ‘शहादत’, ‘कृष्ण रास लीला’, ‘बेटी हूँ मैं बेटी’, ‘झाँसी की रानी’, ‘जलवा तेरा जलवा’ समेत विभिन्न गीत, नृत्य और नाटकों की प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम के दौरान परिसर भारत माता की जय और वंदे मातरम् के जयघोष से गूंज उठा।
इस अवसर पर ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत 12 अगस्त को आयोजित जिला स्तरीय पेंटिंग, क्विज, निबंध, रंगोली एवं संगोष्ठी प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 19 छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत एवं सम्मानित किया गया।
जिला पदाधिकारी वर्षा सिंह ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस वीर स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, बलिदान और संघर्ष को याद करने का अवसर है। ऐसे सांस्कृतिक आयोजन नई पीढ़ी को देश के गौरवशाली इतिहास, राष्ट्रीय मूल्यों और अपने कर्तव्यों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को बधाई देते हुए देश की एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत बनाने में सकारात्मक भूमिका निभाने का आह्वान किया।
#Vaishali #Hajipur #IndependenceDay2026 #15August #CulturalProgram #BiharNews #VaishaliNews #HajipurNews #HarGharTiranga #DeshBhakti #YoungIndiaNews